धर्म-कर्म

आज से खुला पुरी का जगन्नाथ मंदिर, श्रद्धालुओं को करना होगा इन नियमों का पालन

Shiv Kumar Mishra
16 Aug 2021 6:54 PM IST
आज से खुला पुरी का जगन्नाथ मंदिर, श्रद्धालुओं को करना होगा इन नियमों का पालन
x

ओडिशा के पुरी में स्थित भगवान जगन्नाथ का जगन्नाथ मंदिर आज से खोल दिया गया है. हालांकि मंदिर प्रशासन ने सख्त निर्देश दिया है और कहा कि श्रद्धालुओं को कोरोना गाइडलाइन्स और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करना होगा. मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालु 23 अगस्त से भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सकते हैं.

बता दें कोरोना संकट और लगे लॉकडाउन के कारण करीब 3 महीने से ज्यादा समय से जगन्नाथ मंदिर बंद था. मंदिर प्रशासन ने कहा है कि पुरी नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले लोगों को ही 20 अगस्त तक दर्शन के लिए अनुमति मिलेगी.

मंदिर में दर्शन के लिए समय भी तय कर दिया गया है. दर्शन सुबह 7 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक होगा. वहीं एक अधिकारी ने कहा कि आम जनता को 23 अगस्त से प्रवेश की अनुमति होगी.

इससे पहले 11 अगस्त को मंदिर प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना में बताया गया था कि मंदिर को खोलने को लेकर मुख्य प्रशासक डॉ कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में एक बैठक हुई थी. बैठक में मंदिर खोलने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी. यह चर्चा कोरोना समेत कई अन्य मुद्दों को ध्यान में रखकर हुई थी.

बता दें कि इस मंदिर का पट कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच इसी साल 24 अप्रैल को बंद कर दिया गया था. मंदिर को फिर से खोलने के नए गाइडलाइन्स के मुताबिक मंदिर सभी वीकेंड और प्रमुख त्योहारों के मौके पर पट बंद रहेगा.

मंदिर प्रशासन की ओर से यह भी फैसला लिया गया है कि किसी भी त्योहारों में भीड़ की संख्या और कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए मंदिर को प्रमुख उत्सव के दौरान बंद रखा जाएगा. वहीं राज्य के बाहर से दर्शन करने पहुंचे भक्तों के लिए 96 घंटे के भीतर आरटी-पीसीआर टेस्ट या कोविड-वैक्सीनेसन का सर्टिफिकेट दिखाना होगा.

Next Story