धर्म-कर्म

राशि अनुसार करें मां दुर्गा की पूजा, खुलेंगे सुख-समृद्धि और उन्नति के द्वार...

Shiv Kumar Mishra
24 March 2023 8:48 AM GMT
राशि अनुसार करें मां दुर्गा की पूजा, खुलेंगे सुख-समृद्धि और उन्नति के द्वार...
x

चैत्र नवरात्रि का त्यौहार, 22 मार्च 2023 से शुरू हो चुका है। मां दुर्गा के भक्त इस समय पूर्ण रूप से उनकी भक्ति में सराबोर हैं। कुछ भक्त केवल प्रतिपदा तिथि और अष्टमी तिथि के दिन, चैत्र नवरात्रि का व्रत रखते हैं, तो कुछ भक्त, चैत्र नवरात्रि में पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर मां दुर्गा को प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं। इस बार चैत्र नवरात्रि में आप अपनी राशि के अनुसार, मां दुर्गा की पूजा कर, उनकी कृपा प्राप्त कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप, कैसे करें चैत्र नवरात्रि में राशि के अनुसार, मां दुर्गा की पूजा…

मेष राशि

इस राशि के लोग, लाल रंग के फूलों, जैसे - गुड़हल, लाल कमल, लाल गुलाल आदि से मां स्कंदमाता की पूजा करें और श्री दुर्गा चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।

वृषभ राशि

जिन लोगों की राशि वृषभ है, उसके जातक, मां महागौरी की पूजा, सफेद रंग के फूलों से करें। पूजा के समय आप 'ललिता सहस्रनाम' का पाठ करें।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों को मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करनी चाहिए। मां ब्रह्मचारिणी को पीले रंग के फूल अर्पित करें। तारा कवच का पाठ आपके लिए लाभदायक हो सकता है।

कर्क राशि

कर्क राशि के लोगों को मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा करनी चाहिए। आप, मां शैलपुत्री की पूजा में सफेद या गुलाबी रंग के फूलों का उपयोग करें। लक्ष्मी सहस्रनाम का पाठ आपकी उन्नति में सहायक होगा।

सिंह राशि

सिंह राशि के जातकों को मां कूष्मांडा की पूजा, नारंगी और लाल रंग वाले फूलों से करनी चाहिए। आपकी राशि का स्वामी, सूर्य, है। आप, मां कूष्मांडा के मंत्र का 5 माला जाप कर सकते हैं।

कन्या राशि

जिनकी राशि कन्या है, उन्हें, मां ब्रह्माचारिणी की पूजा करनी चाहिए। आपके लिए मां की पूजा में पीले रंग के फूलों का उपयोग अच्छा माना जाता है। साथ ही लक्ष्मी मंत्रों का जाप आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकता है।

तुला राशि

इन नवरात्रों में तुला राशि के लोग, मां महागौरी की पूजा, विधि-विधान के साथ करें। ऐसा करने से आपकी किस्मत चमक सकती है। साथ ही, पूजा में सफेद रंग के फूलों का उपयोग करें। श्री काली चालीसा या दुर्गा सप्तशती का पाठ करें। ऐसा करने से आपके ऊपर माता रानी की कृपा हो सकती है।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वाले लोग, मां स्कंदमाता की पूजा करें। मां को लाल रंग के फूल अर्पित करें। साथ ही श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ करें। ऐसा करने से आपका कल्याण हो सकता है।

धनु राशि

धनु राशि वालों को नवरात्रि में मां चंद्रघंटा के स्वरूप की पूजा, पीले रंग के फूलों से करनी चाहिए। मां चंद्रघंटा के मंत्रों का 2 माला जाप करें। ऐसा करने से आपकी मनोकामनाएं पूर्ण हो सकती हैं।

मकर राशि

इस नवरात्रि, मकर राशि के जातकों को मां कालरात्रि की पूजा करनी चाहिए। पूजा के समय, मां को लाल गुलाब और गुड़हल के फूल चढ़ाएं। मां कालरात्रि के आशीर्वाद से आपके सभी कार्य सफल हो सकते हैं।

कुंभ राशि

कुंभ राशि के लोग भी मां कालरात्रि की पूजा करें और देवी कवच का पाठ करें। इस राशि के स्वामी, शनि हैं। ऐसा करने से मां दुर्गा के आशीर्वाद से आपके परिवार में संपन्नता आ सकती है।

मीन राशि

मीन राशि के लोग, मां चंद्रघंटा की पूजा, पीले रंग के फूलों से करें और मां बगलामुखी के मंत्र का जाप करें। मां दुर्गा की कृपा से वर्ष भर आपकी उन्नति हो सकती है।

मान्यता है कि नवरात्रि में मां दुर्गा की उपासना अगर पूर्ण श्रद्धा और बताई गई विधि से की जाए तो उनके आशीर्वाद से पूरे वर्ष आपकी उन्नति होगी और साथ ही सुख–समृद्धि बढ़ेगी।

Next Story