खेलकूद

चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया

Shiv Kumar Mishra
9 April 2023 4:13 AM GMT
चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया
x

चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से परास्त कर दिया है। 158 के टारगेट के जवाब में CSK ने 18.1 ओवर में 3 विकेट खोकर 159 रन बना दिए। वानखेडे मुंबई चा राजा... अजिंक्या...! चेन्नई के लिए IPL डेब्यू करते हुए अजिंक्य रहाणे ने 27 गेंद पर 225 की स्ट्राइक रेट से 7 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 61 रन जड़ दिए। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 19 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। अजिंक्य रहाणे ने पावरप्ले के दौरान अरशद खान के चौथे ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया। इसके बाद अगली 4 गेंदों पर चौका लगाया और अंतिम गेंद पर सिंगल लिया। इस एक ओवर में 23 रन ठोककर रहाणे ने ने मुंबई की वापसी की हर उम्मीद को खत्म कर दिया। ऋतुराज गायकवाड ने अपनी शानदार फॉर्म कायम रखी और टीम को जीत दिलाने के बाद ही वापस लौटे। अंबाती रायडू ने भी उनका भरपूर साथ निभाया। ऋतुराज ने 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 40 रन बनाकर ऑरेंज कैप फिर अपने नाम कर लिया।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई के खिलाफ टॉस हारकर MI को पहले बल्लेबाजी के लिए मजबूर होना पड़ा। दीपक चाहर के पहले ओवर की तीसरी इनस्विंगर पर रोहित शर्मा डाउन द ग्राउंड आए और एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से चौका जड़ दिया। अंतिम गेंद पर भी हिटमैन ने मिडऑन के ऊपर से बाउंड्री लगा दी। शुरुआत अच्छी रही। 4 ओवर खत्म होने से पहले ही बगैर विकेट खोए 38 रन भी बन गए। लगा कि मुंबई 200 पार जाएगी। इसी बीच तुषार देशपांडे के चौथे ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले रोहित अंतिम गेंद पर बोल्ड हो गए। दरअसल एंगल के साथ डाली गई बैक ऑफ लेंथ बॉल को मिडविकेट की दिशा में खेलने के प्रयास में रोहित चूके और गिल्लियां बिखर गईं। रोहित ने बनाए 13 गेंद पर 21 और स्कोर 38 पर 1...!

ईशान किशन बेहतर लग रहे थे और आज मुंबई को उनसे बहुत बड़ी पारी की उम्मीद थी। रवींद्र जडेजा ने सातवें ओवर की चौथी गेंद आउटसाइड ऑफ बैक ऑफ लेंथ डिलीवरी डाली। ईशान पुल शॉट खेलने में नाकाम रहे और लॉन्गऑन फील्डर को आसान सा कैच दे बैठे। उन्होंने 21 गेंद पर 5 चौकों की मदद से 32 रन बनाए। 64 पर दूसरा विकेट खोने वाली मुंबई के साथ महेंद्र सिंह धोनी ने कुछ ऐसा कर दिया, जिसके बाद टीम पूरे मुकाबले में कभी वापस ही नहीं आ सकी। मिचेल सैंटनर के आठवें ओवर की दूसरी गेंद लेग स्टंप के खासा बाहर जा रही थी। सूर्यकुमार यादव ने स्वीप शॉट खेलना चाहा लेकिन चूक गए। अंपायर ने धोनी की अपील अनसुनी कर गेंद को वाइड करार दिया।

वापस लौट रहे सूर्या अंपायर का इशारा देखकर थम गए। अल्ट्राएज में स्पाइक साफ नजर आया और ग्राउंड अंपायर को अपना निर्णय बदलना पड़ा। DRS का मतलब कल भी धोनी रिव्यू सिस्टम था और आज भी धोनी रिव्यू सिस्टम है। माही ने जितनी जल्दी कैच पकड़ा, उतनी ही तेजी से DRS ले लिया। इस एक लम्हे में गेम हमेशा के लिए बदल गया। रवींद्र जडेजा के नवें ओवर की दूसरी गेंद पर कैमरन ग्रीन 11 गेंद पर 12 रन बनाकर कॉट एंड बोल्ड हो गए। पारी के अंतिम क्षणों में टिम डेविड ने 22 गेंद पर 1 चौकों और 2 छक्के की मदद से 31 रन बनाए। नतीजा निर्धारित 20 ओवर की समाप्ति के बाद मुंबई 8 विकेट खोकर 157 तक पहुंच सकी। जवाब में बेन्ड्रॉफ् के पहले ओवर की चौथी गेंद को पॉइंट की दिशा में कट करने के प्रयास में डेवॉन कॉन्वे चूके और बगैर खाता खोले क्लीन बोल्ड हो गए।

दर्शकों को लगा कि मुकाबले का रोमांच वापस आ जाएगा। पर अजिंक्य रहाणे ने मुंबई इंडियंस के फैंस का दिल तोड़ दिया। CSK के लिए सुरेश रैना ने 16 गेंद पर फिफ्टी लगाई थी। रहाणे ने मुंबई के खिलाफ 19 गेंद पर यह कारनामा किया। यह आईपीएल 2023 का सबसे तेज अर्धशतक था। रहाणे ताबड़तोड़ 61 रन बनाने के बाद पीयूष चावला की गेंद पर लॉन्गऑन फील्डर को कैच दे बैठे। इस वजह से आठवें ओवर की अंतिम गेंद के दौरान 82 के कुल योग पर चेन्नई को दूसरा झटका लगा। पर तबतक मैच मुंबई के हाथ से निकल चुका था। रहाणे के जाने के बाद शिवम दुबे ने तेज 28 रन बनाए। अंत में ऋतुराज और रायडू ने मिलकर 34 रनों की साझेदारी बनाते हुए चेन्नई को मंजिल तक पहुंचा दिया।

Next Story