
वनडे सीरीज में जीतने के बाद बोले कोहली- 'आखिर में सब कुछ गेंदबाजों पर छोड़ दिया'

नई दिल्ली:वनडे सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में भारत ने आखिरी ओवर में रोमांचक खेल दिखाते हुए न्यूजीलैंड से 6 रनों से जीत हासिल की. इस तरह से भारत ने इस सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया.
कप्तान विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ छह रनों से मिली रोमांचक जीत के बाद कहा कि रोमांच से भरे आखिरी पलों में उन्होंने सारी जिम्मेदारी गेंदबाजों के ऊपर छोड़ दी थी जो अपनी रणनीति के अनुसार गेंदबाजी करके टीम को जीत दिलाने में सफल रहे.भारत के छह विकेट पर 337 रन के जवाब में न्यूजीलैंड ने सात विकेट पर 331 रन बनाये लेकिन अंतिम क्षणों में स्थिति काफी तनावपूर्ण बन गयी थी.
कोहली ने कहा कि, मैच के दौरान दूसरी पारी में ओस भी थी और खुशी है कि लड़के टीम को जीत दिलाने में सफल रहे. विकेट आसान था और गेंद अच्छी तरह से बल्ले पर आ रही थी. इसलिए मुझे लगता है कि हमने 25 रन कम बनाए. खुशी इसलिए है कि गेंदबाजों ने सही समय पर अच्छा प्रदर्शन किया.
कप्तान ने कहा यह हमारे लिए नाकआउट मैच जैसा था और खिलाड़ियों ने जज्बा दिखाया.' कप्तान कोहली ने इस मैच में अपना 32वां शतक बनाया और इस बीच वह वनडे में सबसे तेज 9000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन गए.
विराट ने कहा, टीम के लिए मेरा उद्देश्य मैच और सीरीज जीतना है. अगर मैं भी अच्छा करता हूं तो ये अतिरिक्त बोनस है. इन चीजों (रिकार्ड) को नजरअंदाज करना मुश्किल होता है क्योंकि हम इनके बारे में सुनते रहते हैं लेकिन हमारा लक्ष्य किसी भी स्थिति में टीम को जीत दिलाना होता है.
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने अपनी ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए बताया है कि इस सीरीज जीत के बाद टीम इंडिया ने कैसे सेलिब्रेशन किया. कोहली ने लिखा, "ग्रेट टीम वर्क, शानदार जीत! सेलिब्रेशन्स..जट जी स्टाइल."
Great team work, amazing win! 👌💪
— Virat Kohli (@imVkohli) October 29, 2017
Celebrations.. Jatt ji style! 😎 pic.twitter.com/hkODublvBX
जसप्रीत बुमराह के आखिरी ओवर में भारत ने सांसें रोंक देने वाली जीत हासिल कर सीरीज अपने नाम कर ली. न्यूजीलैंड टीम निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 331 रन ही बना पाई.
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि भले ही उनकी टीम श्रृंखला हार गयी लेकिन उनकी टीम के लिये कई सकारात्मक पहलू रहे. विलियमसन ने कहा, ''बहुत शानदार श्रृंखला रही और इसमें कुछ अच्छी क्रिकेट देखने को मिली. कोहली और उनकी टीम को श्रेय जाता है. वह हमसे थोड़ी बेहतर टीम साबित हुई.
कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि टाम लैथम, हेनरी निकोल्स, रो टेलर ने अच्छी बल्लेबाजी की. हमारे तेज गेंदबाजों ने मुश्किल परिस्थितयों में अच्छा प्रदर्शन किया. भारत ने अच्छी क्रिकेट खेली और वे जीत के हकदार थे.




