क्रिकेट

बांग्लादेश से हारकर एशिया कप से बाहर हुआ पाकिस्तान, सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक

Arun Mishra
27 Sept 2018 10:41 AM IST
बांग्लादेश से हारकर एशिया कप से बाहर हुआ पाकिस्तान, सोशल मीडिया पर उड़ रहा मजाक
x
बांग्लादेश ने एशिया कप के सुपर चार मैच में बुधवार को पाकिस्तान को 37 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई?

नई दिल्ली : मुश्फिकुर रहीम और मोहम्मद मिथुन के अर्धशतकों के बाद मुस्तफिजुर रहमान की तूफानी गेंदबाजी से बांग्लादेश ने एशिया कप के सुपर चार मैच में बुधवार को पाकिस्तान को 37 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई. जहां उसका सामना शुक्रवार को भारत से होगा. इस हार के बाद पाकिस्तान का ट्विटर पर खूब मजाक उड़ा.

बांग्लादेश ने मुशफिकुर (99) और मिथुन (60) के बीच चौथे विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी की बदौलत 48.5 ओवर में 239 रन बनाए. इन दोनों ने उस समय शतकीय साझेदारी की जब टीम 12 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी. जवाब में पाकिस्तान की टीम सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक (83) के अर्धशतक के बावजूद नौ विकेट पर 202 रन ही बना सकी.



मुश्फिकुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेल के किसी भी प्रारूप में 99 रनों पर आउट होने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने. बांग्लादेश की ओर से मुस्ताफिजुर रहमान ने 43 रन देकर चार, जबकि मेहदी हसन मिराज ने 28 रन देकर दो विकेट चटकाए. इस जीत से बांग्लादेश तीन मैचों में चार अंक जुटाकर तालिका में भारत (पांच अंक) के बाद दूसरे स्थान पर रहा.



एशिया कप के पिछले चार संस्करणों (2012-2018) की बात करें, तो बांग्लादेश ने तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई है. इस दौरान भारत और पाकिस्तान 2-2 बार, जबकि श्रीलंका ने एक बार ही फाइनल में स्थान बनाया. हालांकि बांग्लादेश को अब भी खिताब का इंतजार है.



आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ने अपने तीन विकेट महज 18 रनों पर खो दिए थे. फखर जमान (1), बाबर आजम (1) और कप्तान सरफराज अहमद (10) तीन अपनी टीम को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए और सलामी बल्लेबाज इमाम को अकेला छोड़ गए.

पाक टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी शोएब मलिक (30) ने इमाम का साथ दिया और टीम का स्कोर 85 रनों तक पहुंचाया. यहां मलिक को बांग्लादेशी कप्तान मुर्तजा ने रूबेल हुसैन की गेंद पर शानदार कैच पकड़ कर पवेलियन की राह दिखाई.

पाकिस्तान को अंतिम 10 ओवरों में जीत के लिए 75 रनों की दरकार थी. महमूदुल्लाह ने इमाम को भी स्टंप कराके पाकिस्तान की जीत की रही सही उम्मीद भी तोड़ दी. इमाम ने 105 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का मारा. हसन अली भी आठ रन बनाने के बाद मुस्ताफिजुर की गेंद पर मुर्तजा को कैच दे बैठे.



पाकिस्तान को अंतिम पांच ओवरों में जीत के लिए 54 रनों की दरकार थी. मुस्ताफिजुर ने मोहम्मद नवाज (8) को पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को नौवां झटका दिया, शाहीन अाफरीदी 14 जबकि जुनैद खान तीन रन बनाकर नाबाद रहे.



उधर, बांग्लादेश के हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन उंगली में चोट के कारण एशिया कप बीच में छोड़कर स्वदेश रवाना हो गए. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के क्रिकेट संचालन के चेयरमैन अकरम खान ने कहा कि टीम ने शाकिब को बुधवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर उतराने की काफी कोशिशें कीं, लेकिन उनकी उंगली में दर्द बढ़ने के कारण ऐसा नहीं हो पाया और उन्हें स्वदेश लौटना पड़ा.

Next Story