Archived

सचिन तेंदुलकर के नाम हुआ 10 नंबर, अब इंडियन टीम में नहीं दिखेगी ये जर्सी!

Arun Mishra
29 Nov 2017 10:55 AM IST
सचिन तेंदुलकर के नाम हुआ 10 नंबर, अब इंडियन टीम में नहीं दिखेगी ये जर्सी!
x
BCCIचाहता है कि 10 नंबर की जर्सी सिर्फ सचिन के नाम रहे और यह उनको खिलाड़ियों और बोर्ड की ओर से दिए गए सम्मान का एक प्रतीक बना रहे।
नई दिल्ली : भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर वनडे मैचों में 10 नंबर की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरते थे। लेकिन अब टीम इंडिया का कोई भी खिलाड़ी इस नंबर की जर्सी में दिखाई नहीं देगा। बीसीसीआई ने खिलाड़ियों की सहमति के बाद यह फैसला लिया है कि आगे से भारतीय क्रिकेट टीम के किसी खिलाड़ी को 10 नंबर की जर्सी नहीं दी जाएगी। हालांकि इसे अनौपचारिक फैसला बताया गया है।

बीसीसीआई चाहता है कि 10 नंबर की जर्सी सिर्फ सचिन के नाम रहे और यह उनको खिलाड़ियों और बोर्ड की ओर से दिए गए सम्मान का एक प्रतीक बना रहे। साल 2013 में सचिन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने आखिरी बार मार्च 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच में 10 नंबर की जर्सी को पहना था। उसके बाद 5 साल तक किसी ने इस नंबर की जर्सी का इस्तेमाल नहीं किया।

शार्दुल ठाकुर ने पहनी थी दस नंबर की जर्सी-
हालांकि इसके बाद शार्दुल और बीसीसीआई को सचिन के फैंस ने सोशल मीडिया पर ट्रोल किया था। खुद शार्दुल के साथी और मुंबई की तरफ से खेलने वाले रोहित शर्मा ने भी सोशल मीडिया की जर्सी की तस्वीर डालते हुए उनसे सवाल पूछ लिया था कि आपका जर्सी नंबर क्या है।



एक इंटरव्यू के दौरान ठाकुर ने जर्सी नंबर दस पहनने के लिए सफाई भी दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी जन्म तारीख और साल के मुताबिक उनका लकी नंबर दस आता है। इसी वजह से वो दस नंबर की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरे थे। हालांकि अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में मैच के दौरान शार्दुल ने दस नंबर की जर्सी से तौबा कर ली और वो 54 नंबर की जर्सी पहनकर मैदान पर उतरे थे।


ये कोई पहला मौका नहीं है, जब किसी बड़े खिलाड़ी के संन्यास के बाद किसी जर्सी नंबर को रिटायर कर दिया गया था। इसके पहले कई फुटबॉल क्लब भी दिग्गज खिलाड़ियों के सम्मान में ऐसा कर चुके हैं।

साल 2014 में इंटर मिलान ने अपने डिफेंडर जेवियर जेनिटी के संन्यास के बाद जर्सी नंबर 4 को रिटायर कर दिया था। वहीं वेस्ट हेम यूनाइडेट ने भी दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी बॉबी मूर के संन्यास के बाद जर्सी नंबर 6 को रिटायर कर दिया था।
Next Story