
क्रिकेट से अपने संन्यास को लेकर गौतम गंभीर ने दिया बड़ा बयान

नई दिल्ली : एक समय भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर रहे गाैतम गंभीर के लिए अब टीम में वापसी किसी चुनौती से कम नहीं है लेकिन उन्हें अब भी अपनी वापसी की पूरी उम्मीद है। उन्होंने आज भी अपनी वापसी की उम्मीद नहीं छोड़ी है।
गौतम गंभीर ने क्रिकेट से अपने संन्यास को लेकर कहा है कि जो मायने रखता है वह 'प्रेरणा' है और जिस दिन वह इसे खो देंगे, उस दिन वह संन्यास लेने से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले साल से लगातार रन बना रहा हूं आैर आगे भी बनाता रहूंगा। मुझे जिस दिन लगेगा कि मुझमें रन बनाने की क्षमता नहीं रही तो मैं संन्यास ले लूंगा।
उन्होंने एक बातचीत में अपनी बल्लेबाजी और भविष्य को लेकर खुल कर बातें की। साथ ही उन्होंने टीम चयनर्कताओं को लेकर कहा, 'मैं चयनकर्ताओं से बात नहीं करता और मुझे चयनकर्ताओं से बात करने की जरूरत नहीं है। मेरा काम रन बनाना है और मेरा ध्यान इसी पर है। गंभीर दिल्ली की टीम का नियमित हिस्सा हैं, उन्होंने इस साल 10 वर्ष के बाद रणजी ट्रॉफी फाइनल में जगह बनाई।
गंभीर भले ही फिलहाल चयनकर्ताओं की योजनाओं का हिस्सा नहीं हों, लेकिन मौजूदा सत्र में वह बेहतरीन फॉर्म में रहे हैं और यह दिल्ली की सफलता के कारणों में से एक है। गंभीर ने यह टिप्पणी भारतीय क्रिकेट टीम के अगले महीने के दक्षिण अफ्रीकी दौरे के संदर्भ में की है जहां विराट कोहली की टीम की टेस्ट और सीमित ओवरों की सीरीज में कड़ी परीक्षा होगी।




