
Archived
अब हसीन जहां ने मोहम्मद शमी पर लगाए ये नए आरोप, बताया इस वजह से बदला बर्ताव!
Arun Mishra
11 March 2018 4:19 PM IST

x
मीडिया से बातचीत करतीं हसीन जहां
वहीं मोहम्मद शमी चाहते हैं कि उनके घर का मामला घर में ही सुलझ जाए और दोनों के बीच पैचअप हो जाए.
नई दिल्ली : भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां के बीच मामला कम होता नहीं दिख रहा है. हसीन जहां के आरोप लगाने के बाद काफी वक्त तक शमी मीडिया के सामने नहीं आए थे, लेकिन 10 मार्च को शमी मीडिया के सामने आए और उन्होंने सभी आरोपों को गलत बताया. जहां उनकी पत्नी हर दिन उनपर एक नया आरोप लगा रही हैं, वहीं मोहम्मद शमी चाहते हैं कि उनके घर का मामला घर में ही सुलझ जाए और दोनों के बीच पैचअप हो जाए.
मोहम्मद शमी के इस बचाव पर अब हसीन जहां ने एक बार फिर से पलटवार किया है. हसीन जहां ने 11 मार्च को एक प्रेस कॉन्फ्रेस की और मोहम्मद शमी पर फिर से नए आरोप लगाए हैं. शमी के बचाव पर हसीन जहां का कहना है कि वह यह सब डर की वजह से कर रहा है. उन्होंने कहा कि, ''मैंने अपने रिश्ते को बचाने की काफी कोशिश की थी, लेकिन मामला अब हद पार कर चुका है. मैं भी चाहती हूं कि सब ठीक हो जाए, लेकिन मुझे नहीं पता कि हमारे बीच सुलह कैसे हो पाएगी.''
हसीन जहां ने कहा, ''मैंने 4 दिन तक शमी को समझाने की कोशिश की थी. मैंने बार-बार फोन किया, लेकिन मोहम्मद शमी ने किसी बात का जवाब नहीं दिया. मैंने रिश्ता बचाने की मैंने पूरी कोशिश की. शमी ने गुनाह और अत्याचार किया है. शमी के साथ विवाद का मामला अब बहुत दूर जा चुका है.''
हसीन जहां ने मोहम्मद शमी पर आरोप लगाते हुए कहा कि, 'डर की वजह से शमी का बर्ताव बदला है. मोबाइल गुम होने के बाद मोहम्मद शमी ने मेरे साथ अच्छा बर्ताव किया.'' उन्होंने कहा कि होली पर डर की वजह से मोहम्मद शमी ने अच्छा बर्ताव किया और मेरे साथ मीडिया के सामने इंटरव्यू भी दिया.
उन्होंने कहा, ''सबूत मिलने पर मोहम्मद शमी ने बात करना बंद कर दी थी. अगर मुझे शमी का मोबाइल नहीं मिलता तो वह मुझे तलाक दे देता.'' उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि मैंने शमी को गलती स्वीकार करने के लिए कहा था. मैं यह कोशिश काफी लंबे वक्त से कर रही थी. अगर मुझे उसका मोबाइल फोन नहीं मिलता तो शमी उत्तर प्रदेश भाग जाता और अब तक मुझे तलाक दे चुका होता. इसके साथ ही हसीन जहां ने कहा कि मोहम्मद शमी घर बचाना चाहे, तो मैं भी इस बारे में सोचूंगी लेकिन हमारे बीच कैसे सुलह होगी, पता नहीं?
हसीन जहां ने कहा कि खुद को आरोपों से बचाने के लिए शमी यह सब कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ''मैं सारी डिटेल दे चुकी हूं तो खुद मीडिया इस बात की जांच क्यों नहीं करती. सोशल मीडिया पर अपना दर्द रखने से पहले तक मैं रिश्ते को बचाने की कोशिश करती रही थी. अगर वो सुधर कर वापस आना चाहते हैं तो मैं इस बारे में सोचूंगी.''
इसके साथ ही हसीन जहां ने कहा, ''अगर शमी रिश्ते सुधारने की कोशिश करते है तो मैं इस बारे में सोचूंगी लेकिन मैं अपनी तरफ से सुलह की बात पर आऊं तो मैं गुनहगार साबित हो जाऊंगी. फिर लगेगा जो इल्जाम लगाए वो गलत थे.''
इससे पहले हसीन जहां के पूर्व पति सैफुद्दीन भी मीडिया के सामने आ चुके हैं. पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के सिउड़ी में रहने वाले सैफुद्दीन ने कहा है कि शमी अपनी बेगुनाही साबित करें. साथ ही उनका यह भी मानना है कि दोनों साथ बैठकर बात कर लें, तो सारा मामला सुलझ जाएगा.
गौरतलब है कि शमी की पत्नी ने शमी पर विवाहेतर संबंध, घरेलू हिंसा सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं. कोलकाता पुलिस ने हसीन जहां की शिकायत के बाद शमी पर आईपीसी की सात धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
Next Story




