क्रिकेट

टीम इंडिया ने दिया महाजीत का तोहफा, साउथ अफ्रीका को 203 रनों से रौंदा - सीरीज में 1-0 की मिली बढ़त

Special Coverage News
6 Oct 2019 4:40 PM IST
टीम इंडिया ने दिया महाजीत का तोहफा, साउथ अफ्रीका को 203 रनों से रौंदा - सीरीज में 1-0 की मिली बढ़त
x
पहले टेस्ट के पांचवें दिन विराट ब्रिगेड ने साउथ अफ्रीका को 203 रनों से रौंदा. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है.

टीम इंडिया ने देशवासियों को महाजीत का तोहफा दिया है. रविवार को विशाखापत्तनम टेस्ट के पांचवें दिन विराट ब्रिगेड ने साउथ अफ्रीका को 203 रनों से रौंदा. 395 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए अफ्रीकी टीम लंच के बाद 191 रनों पर सिमट गई. इस जीत के साथ ही भारत ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. सीरीज का दूसरा टेस्ट पुणे में 10 अक्टूबर से खेला जाएगा.

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में भारत की तीन मैचों में यह लगातार तीसरी जीत है और अब अंकतालिका में उसके 160 अंक हो गए हैं. मैच की पहली पारी और दूसरी पारी में शतक लगाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को उनके शानदार बल्लेबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला.

इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 7 विकेट गंवाकर 502 रन बनाए और अपनी पहली पारी घोषित कर दी. जवाब में दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी में 431 रनों पर ऑलआउट हो गई. पहली पारी के आधार पर भारत को 71 रनों की बढ़त मिली. दूसरी पारी में भारत ने 4 विकेट पर 323 रन बनाकर पारी घोषित की और दक्षिण अफ्रीका के सामने 395 रनों का लक्ष्य रखा.

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका 191 रनों पर ढेर हो गई और भारत ने यह मुकाबल 203 रनों से जीत लिया. दूसरी पारी में मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए. इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने 4 और रविचंद्रन अश्विन ने एक विकेट लिया. दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए डेन पीट 107 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 56 और सेनुरन मुथुसामी 108 गेंदों पर पांच चौके की मदद से नाबाद 49 रनों का योगदान दिया. दक्षिण अफ्रीका के चार बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए.

थ्यूनिस डी ब्रूइन 10 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर आउट हुए. मोहम्मद शमी ने टेम्बा बवूमा को खाता खोले बिना ही पवेलियन भेज दिया. इससे पहले ओपनर डीन एल्गर चौथे दिन 2 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर आउट हो गए. फाफ डु प्लेसिस 13 रन बनाकर शमी की गेंद पर ही बोल्ड कर दिया. क्विंटन डि कॉक खाता खोले बगैर शमी की गेंद पर ही बोल्ड हो गए. एडेन मार्करम 39 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की गेंद पर पवेलियन लौट गए. जडेजा ने वर्नोन फिलेंडर (0) और केशव महाराज (0) को एलबीडब्ल्यू कर दिया. दक्षिण अफ्रीकी टीम जडेजा और शमी की घातक गेंदबाजी के आगे नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई.

मेहमान टीम ने 60 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे. इन पांच विकेटों में थ्यूनिस डी ब्रूइन (10), उप-कप्तान टेम्बा बावूमा (0), कप्तान फाफ डु प्लेसिस (13), क्विंटन डि कॉक (0) के विकेट शामिल हैं. ऐसा लग रहा था कि टीम इसके बाद इन झटकों से उबर जाएगी. लेकिन 70 रन के स्कोर पर ही उसने तीन लगातार तीन विकेट खो दिए. इन तीन विकेटों में मार्कराम (39), वर्नोन फिलेंडर (0) और केशव महाराज (0) के विकेट शामिल हैं.

70 रन के स्कोर पर अपना आठवां विकेट गंवाने के बाद ऐसा लग रहा था कि टीम 100 रन के अंदर निपट जाएगी. लेकिन डेन पीट (56) और सेनुरन मुथुसामी (49) ने नौवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी कर टीम के कुछ उम्मीदें जगाई. लेकिन शमी ने 161 के स्कोर पर डेन पीट को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत कर दिया और फिर इसके बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम 191 रन सिमट गई. डेन पीट 107 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्का जबकि मुथुसामी ने 108 गेंदों पर पांच चौके लगाए.

भारत की ओर से शमी ने 35 रन पर पांच विकेट, जडेजा ने 87 रन पर चार विकेट और अश्विन ने 44 रन पर एक विकेट हासिल किया. पहली पारी में सात विकेट लेने वाले अश्विन ने इसके साथ ही सबसे तेजी से 350 टेस्ट विकेट लेने के श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के टेस्ट रिकार्ड की बराबरी कर ली है.

अश्विन ने की मुरलीधरन के रिकॉर्ड की बराबरी

रविचंद्रन अश्विन ने दूसरी पारी में थ्यूनिस डी ब्रुइन को आउट कर सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट लेने के मामले में पूर्व श्रीलंकाई स्पिन गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. वहीं अश्विन सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. अश्विन ने अपने टेस्ट करियर के 66वें मुकाबले में 350 विकेट लेने का कारनामा किया है. अब वह मुरलीधरन के साथ संयुक्त रूप से सबसे तेज 350 टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. मुरलीधरन ने भी अपने 66वें टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ 2001 में 350 टेस्ट विकेट पूरे किए थे. मुरलीधरन टेस्ट में 800 विकेट का आंकड़ा छूने वाले दुनिया के इकलौते गेंदबाज हैं.

भारत ने अफ्रीका को दिया 395 रनों का टारगेट

दूसरी पारी में भारत ने 4 विकेट खोकर 323 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका के सामने 395 रनों का लक्ष्य रखा. पहली पारी के आधार पर भारत को 71 रनों की बढ़त मिली थी. भारत के लिए दूसरी पारी में रोहित शर्मा ने 127 रन बनाए. रोहित शर्मा ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने ओपनर के तौर पर डेब्यू करते हुए एक ही टेस्ट मैच की दोनों ही पारियों में शतक जड़ दिया है.

रोहित शर्मा ने 149 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा सात छक्कों की मदद से इस मैच में अपना दूसरा शतक जमाया. उनके अलावा चेतेश्वर पुजारा ने 148 गेंदों पर 81 रन बनाए. दक्षिण अफ्रीका के लिए केशव महाराज ने दो विकेट लिए. वर्नोन फिलेंडर और कैगिसो रबाडा के हिस्से एक-एक विकेट आया.

दक्षिण अफ्रीका पहली पारी में 431 रनों पर ऑलआउट

दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी में 431 रनों पर ऑलआउट हो गई. पहली पारी के आधार पर भारत को 71 रनों की बढ़त मिली. दक्षिण अफ्रीका को यहां तक पहुंचाने में डीन एल्गर और क्विंटन डी कॉक का अहम योगदान रहा है. एल्गर ने 160 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 287 गेंदों का सामना किया और 18 चौकों सहित चार छक्के लगाए.

डि कॉक ने 163 गेंदों पर 16 चौके और दो छक्कों की मदद से 111 रन बनाए. इन दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 164 रनों की पार्टनरशिप हुई. इन दोनों के अलावा कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 55 रनों का योगदान दिया. फाफ डु प्लेसिस और डीन एल्गर ने पांचवें विकेट के लिए 115 रन जोड़े.

रविचंद्रन अश्विन ने 7 विकेट अपने नाम किए

रविचंद्रन अश्विन ने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में 7 विकेट झटके. अश्विन ने एडेन मार्करम, थ्यूनिस डी ब्रुइन, फाफ डु प्लेसिस, क्विंटन डि कॉक, वर्नोन फिलेंडर, केशव महाराज और कैगिसो रबाडा को अपना शिकार बनाया. रवींद्र जडेजा ने दो सफलताएं अर्जित कीं. ईशांत शर्मा के हिस्से एक विकेट आया.

विशाल स्कोर के सामने दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज दबाव में दिखे. 14 के कुल स्कोर पर अश्विन ने एडेन मार्करम (5) को बोल्ड कर मेजबान टीम को पहली सफलता दिलाई. थेयुनिस डे ब्रूइन ने चार रनों का योगदान दिया और 31 के कुल स्कोर पर अश्विन का दूसरा शिकार बने. तीन रन बाद जडेजा ने डेन पीट को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दक्षिण अफ्रीका को मुसीबत में डाल दिया. रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के तीन विकेट महज 39 रनों पर ही चटका दिए थे.

उप-कप्तान टेम्बा बावूमा 18 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए. बावूमा को अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने अपने जाल में फंसाया और दक्षिण अफ्रीका को 63 के कुल स्कोर पर चौथा झटका दिया. इसके बाद हालांकि, मेहमान टीम के बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया और टीम की स्थिति थोड़ी बेहतर हुई. एल्गर और डु प्लेसिस के बीच अच्छी साझेदारी हो गई.

डु प्लेसिस-एल्गर ने 5वें विकेट के लिए 115 रन जोड़े. डु प्लेसिस अश्विन की गेंद पर चेतेश्वर पुजारा के हाथों लेग स्लिप पर लपके गए. डु प्लेसिस ने 103 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्के की मदद से 55 रन बनाए. भारत की कोशिश थी कि वह दक्षिण अफ्रीका पर शिकंजा कस ले, लेकिन एल्गर और डि कॉक ने उसके अरमानों पर पानी फेर दिया.

Next Story