
IND vs SA : शमी के 5 महत्वपूर्ण विकेट ने दिलाई टीम इंडिया को जीत

जोहानिसबर्ग: भारत ने तीसरे टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका को 63 रन से हरा दिया। मोहम्मद शमी ने टी इंटरवल के बाद बेहतरीन बाॅलिंग करते हुए 5 विकेट लिए। साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 241 रन बनाने थे। लंच तक उन्होंने सिर्फ एक विकेट खोया था और लग रहा था कि साउथ अफ्रीका आसानी से मैच जीत जाएगा।
लेकिन, हाशिम अमला के आउट होने के बाद साउथ अफ्रीका की पारी ढह गई। एक वक्त साउथ अफ्रीका ने 3 विकेट पर 144 रन बनाए थे। इसके बाद 161 पर 9 विकेट हो गए। डीन एल्गर ने आखिरी वक्त तक साउथ अफ्रीका को जीत तक ले जाने की कोशिश की। वो 86 रन पर नाॅट आउट रहे। हाशिम अमला ने 52 रन बनाए। भुवनेश्वर कुमार 'मैन ऑफ द मैच' रहे। वर्नॉन फिलेंडर मैन ऑफ द सीरीज चुने गए।
शमी के सामने नहीं चले साउथ अफ्रीकंस
मोहम्मद शमी ने कुल चार स्पैल में बॉलिंग की। लेकिन, आखिरी स्पैल में वो रिवर्स स्विंग कराने में कामयाब रहे। लगातार 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बॉलिंग कर रहे शमी के सामने साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी चरमरा गई।
दूसरे छोर से बुमराह, इशांत और भुवनेश्वर ने शमी का बखूबी साथ दिया। इशांत और बुमराह ने दो-दो जबकि भुवनेश्वर ने एक विकेट लिया।
दूसरी पारी में नहीं चले डीविलियर्स
पहली पारी में भारत ने 187 रन बनाए थे। जवाब में साउथ अफ्रीका ने 194 रन बनाए और 7 रन की लीड भी ली। दूसरी पारी में भारत ने 247 रन बनाए और इस तरह जीत के लिए साउथ अफ्रीका के सामने 241 रन का टारगेट रखा। साउथ अफ्रीका 177 रन पर ऑल आउट हो गई। भारत की तरफ से शमी ने 12.3 ओवर्स में 28 रन देकर 5 विकेट लिए।




