क्रिकेट

#INDvAUS : दूसरा टी20 बारिश के कारण रद्द, सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे

Special Coverage News
23 Nov 2018 5:13 PM IST
#INDvAUS : दूसरा टी20 बारिश के कारण रद्द, सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 1-0 से आगे
x
ऑस्ट्रेलिया के पास सीरीज में 1-0 की बढ़त है। तीसरा मैच सिडनी में 25 नवंबर को खेला जाएगा।

मेलबर्न : भुवनेश्वर कुमार और खलील अहमद से मिली अच्छी शुरुआत के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को बारिश से प्रभावित दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां 19 ओवर में 7 विकेट पर 132 रन बनाने दिए। 19वें ओवर की समाप्ति के बाद बारिश शुरू हो गई और मैच रोकना पड़ा। यहां डकवर्थ लुइस पद्वति के कारण पहले उसे जीत के लिए 19 ओवर में 137 रन का लक्ष्य मिला। फिर 11 ओवर में 90 रन का। हालांकि इसके बाद भी मैच शुरू हो नहीं हो सका और मैच को रद्द कर दिया गया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया के पास सीरीज में 1-0 की बढ़त है। तीसरा मैच सिडनी में 25 नवंबर को खेला जाएगा।

ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शीर्ष क्रम के उसके पांच बल्लेबाजों में से कोई भी 20 रन तक नहीं पहुंच पाया। निचले मध्यक्रम में उतरे बेन मैकडरमॉट ने उसकी तरफ से सर्वाधिक नाबाद 32 रन बनाए। भुवनेश्वर ने तीन ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि खलील अहमद ने 39 रन के एवज में दो विकेट हासिल किए। बादलों से घिरा आकाश, बारिश के कारण पिच में हल्की नमी और तिस पर विराट कोहली का फिर से टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करना। भारतीय गेंदबाजों ने परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया और ऑस्ट्रेलियाई शीर्ष क्रम को ध्वस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ऑरोन फिंच शुरू में विकेट बचाए रखने के वादे के साथ क्रीज पर उतरे थे, लेकिन भुवनेश्वर कुमार ने दूसरी गेंद पर ही उन्हें विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। पंत ने इसके बाद डार्सी शॉर्ट (14) का, जबकि जसप्रीत बुमराह ने क्रिस लिन (13) का कैच छोड़ा, लेकिन खलील अहमद ने इन्हें महंगा साबित नहीं होने दिया।

बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने लिन को डीप पॉइंट पर कैच कराया, जबकि शॉर्ट ने उनकी शॉर्ट पिच गेंद विकेटों पर खेली। बुमराह (20 रन देकर एक विकेट) के अगले ओवर में मार्कस स्टॉयनिस (चार) ने डीप पॉइंट पर खड़े दिनेश कार्तिक को कैच का अभ्यास कराया। दस ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 54 रन ही पहुंच पाया था। उसका दारोमदार ग्लेन मैक्सवेल (22 गेंदों पर 19 रन) पर था लेकिन क्रुणाल पंड्या (28 रन देकर एक) ने उनके ऑफ स्टंप से गिल्लियां बिखेर दी, जबकि कुलदीप यादव (23 रन देकर एक) ने एलेक्स कैरी (चार) को मिडविकेट पर कैच देने के लिए मजबूर किया।

नाथन कूल्टर नाइल (9 गेंदों पर 20 रन) ने कुलदीप पर लॉन्ग ऑफ और भुवनेश्वर पर मिडविकेट क्षेत्र में छक्के लगाकर ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसकों में कुछ जान भरी, लेकिन एक और लंबे शॉट का उनका प्रयास सीमा रेखा पर कैच के रूप में बदल गया। खलील हालांकि अपने आखिरी ओवर में गेंदों पर नियंत्रण नहीं रख पाए और इसमें 18 रन लुटा बैठे। इसमें मैकडरमॉट का छक्का भी शामिल रहा।

Next Story