
महेंद्र सिंह धोनी को लग सकता है बड़ा झटका, अनुबंध की 'ए' ग्रेड से होगी छुट्टी

नई दिल्ली : साल 2018 टीम इंडिया के खिलाड़ियों के लिए जल्द ही 'बड़ी लॉटरी' लेकर आ सकता है लेकिन टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को बड़ा झटका लग सकता है।
दरअसल BCCI अगले कुछ दिनों के भीतर साल 2018-19 के लिए अनुबंधित टीम इंडिया खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर सकता है। और इस नए अनुबंध में पहली बार कुछ नई बातें शामिल की जा सकती हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, समिति तीन ग्रेड कॉन्ट्रैक्ट को खत्म करना चाहती है। इसकी जगह नया फॉर्मूला लागू करना चाहती है। समिति अब ए, बी और सी के स्थान पर ए प्लस, ए, बी और सी ग्रेड का फॉर्मूला लागू करना चाहती है।
नए ग्रेड के मुताबिक जो खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए तीनों प्रारूप टेस्ट, वनडे और टी20 खेल रहे हैं उन्हें ए प्लस कैटेगरी में रखा जाएगा। रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि प्रशासकों की समिति धोनी का शीर्ष केंद्रीय अनुबंध खत्म कर सकती है और उनको एक स्थान नीचे ए कैटेगरी में रखा जा सकता है। लेकिन धोनी जैसी ही स्थिति में होने के बावजूद रवीेंद्र जडेजा और आर अश्विन को कोई नुकसान नहीं होगा।
बीसीसीआई की प्रशासकीय कमेटी ने खिलाड़ियों को दिए जाने वाले नए अनुबंध का खाका तैयार करके इस वित्त समिति के पास भेज दिया है। अब बीसीसीआई के अधिकारी और वित्त कमेटी सीओए के नए प्रस्ताव पर आगे विचार करेगी।
आपको बता दें अभी तक ए वर्ग में शामिल खिलाड़ियों को मैच फीस के अलावा बीसीसीआई साल में दो करोड़ रुपये का भुगतान करता है। वहीं बी श्रेणी के खिलाड़ी को सालाना दो और सी श्रेणी में शामिल खिलाड़ियों को हर साल पचास लाख रुपये दिए जाते हैं।




