
मैं बिना दबाव के खेल रहा था, लेकिन कई बार .... - लोकेश राहुल

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें संस्करण के अपने अंतिम लीग में मौजूदा चैंपियन चेन्नई सुपर को छह विकेट से हराने के बाद किंग्स इलेवन पंजाब के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने कहा है कि वह इस मैच में अधिक खुलकर खेल रहे थे.
पंजाब ने लोकेश राहुल (71) और निकोलस पूरन (36) की शानदार पारियों के दम पर रविवार को यहां आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए आईपीएल-12 के अपने अंतिम लीग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को छह विकेट से हराकर जीत के साथ लीग का समापन किया.
मैन ऑफ द मैच बने राहुल ने मैच के बाद कहा, "मैंने आखिरी मैच में खुद को बैक किया और आक्रमक बल्लेबाजी की क्योंकि मेरी भूमिका अलग थी. इससे पहले मुझे 20 ओवर तक एक छोर पकड़कर खेलना था. हमें आज यह पता था, कि इस खेल में हमारे लिए बहुत कुछ नहीं बचा है, इसलिए मैंने आज अधिक खुलकर खेला, लेकिन कभी-कभी आपको टीम की परिस्थियों के हिसाब से खेलना होता है. मैंने इस साल कुछ लम्बा खेलकर अपनी टीम को मैच जिताये हैं, इसलिए आपको कई बार अपने शॉट्स पर अंकुश भी लगाना होता है."




