
इस युवा बल्लेबाज ने सिर्फ 28 दिन में बनाए 1000 से ज्यादा रन

नई दिल्ली: रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में एक खिलाड़ी ने अपने बल्ले से तूफान मचाकर रख दिया है. कर्नाटक के ओपनिंग बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने रणजी के इस सीजन में एक ऐसा कारनामा किया है, जो आज तक कोई भी भारतीय बल्लेबाज नहीं कर पाया है.
सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग और सौरव गांगुली जैसे दिग्गज खिलाडी भी यह रिकॉर्ड नहीं बना पाए हैं. पुणे में कर्नाटक बनाम महाराष्ट्र का मैच चल रहा था और मयंक ने अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर की पहली ट्रिपल सेंचुरी लगाई.
मयंक ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलते हुए महज एक महीने में 1033 ठोक दिए हैं. ऐसा करने वाले वह भारत के एकमात्र बल्लेबाज हैं. वैसे, एक महीने में सबसे ज्यादा फर्स्ट क्लास रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व धुरंधर सर लेन हटन के नाम है.उन्होंने जून 1949 में सर्वाधिक 1294 रन बनाए थे.
26 साल के मयंक अग्रवाल ने नवंबर महीने में यह उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने कुल चार फर्स्ट क्लास मैचों की 7 पारियों में यह कारनामा किया है.
बता दें, अजिंक्य रहाणे रणजी ट्रॉफी के इतिहास में एक सेशन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सातवें नंबर पर हैं. रहाणे ने 2008-09 के सेशन में 1089 रन बनाए थे.
वहीं, एक और पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस श्रीराम ने साल 1999-2000 के सत्र में 1075 रन बनाए थे. लेकिन अब मयंक के बल्ले के तूफान इन दोनों के रिकॉर्डों पर पानी फेरने के लिए मंडरा रहा है. मयंक जारी सेशन में 6 मैचों में 133.00 के औसत से 1064 रन बना चुके हैं.
मयंक ने रेलवे के खिलाफ दिल्ली में खेले गए (25-28 नवंबर तक) रणजी मैच की दूसरी पारी में 134 रन बनाते ही एक महीने में 1000 फर्स्ट क्लास रनों का आकड़ा छू लिया.




