
World Cup : पहले ही मौके में शमी का चौका, हैट्रिक के साथ 32 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी

नई दिल्ली : मोहम्मद शमी ने शनिवार को आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 के मैच में आखिरी ओवर में हैट्रिक लगाकर मोहम्मद नबी की 52 रनों की बेहतरीन पारी पर पानी फेर दिया और भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ 11 रनों से जीत दिला दी. इस मैच में शमी ने कुल चार विकेट झटके हैं.
शमी इसी के साथ वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले 1987 में चेतन शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक ली थी. भारत के तेज गेंदबाज चेतन शर्मा को क्रिकेट वर्ल्ड कप की पहली हैट्रिक लेने का गौरव हासिल है. वर्ल्ड कप के चौथे संस्करण के दौरान भारत के अंतिम ग्रुप मैच में चेतन शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैट्रिक बनाई थी.
नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन ग्राउंड पर उनके शिकार केन रदरफोर्ड, इयान स्मिथ और इवान चैटफील्ड हुए थे. चेतन ने तीनों को क्लीन बोल्ड किया था. 225 रनों का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में 16 रनों की जरूरत थी. नबी ने पहली गेंद पर चौका मार अपना अर्धशतक पूरा किया और भारत के माथे पर शिकन ला दी. लेकिन शमी ने अगली गेंद खाली निकाली और ओवर की तीसरी गेंद पर नबी को लोग ऑन पर हार्दिक पंड्या के हाथों कैच कर मैच भारत के पक्ष में कर दिया.
अगली दो गेंदों पर शमी ने अफताब आलम और मुजीब उर रहमान के विकेट ले अफगानिस्तान को 49.5 ओवरों में 213 रनों पर ढेर कर भारत को वर्ल्ड कप 2019 में चौथी जीत दिलाई.
वर्ल्ड कप हैट्रिक
चेतन शर्मा (भारत), 1987
सकलेन मुश्ताक (पाकिस्तान), 1999
चमिंडा वास (श्रीलंका), 2003
ब्रेट ली (ऑस्ट्रेलिया), 2003
लसिथ मलिंगा (श्रीलंका), 2007 (4 में 4)
केमार रोच (वेस्टइंडीज) , 2011
लसिथ मलिंगा (श्रीलंका), 2011
स्टीवन फिन (इंग्लैंड), 2015
जेपी डुमिनी (साउथ अफ्रीका, 2015
मो. शमी (भारत), 2019
मोहम्मद शमी इस वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं. यह उनके इंटरनेशनल करियर की भी पहली हैट्रिक है. शमी वर्ल्ड कप में हैट्रिक लगाने वाले कुल नौवें गेंदबाज भी हैं. वर्ल्ड कप में अभी तक कुल 10 हैट्रिक लगी हैं जिनमें से दो हैट्रिक श्रीलंका के लसिथ मलिंगा ने ली हैं. वह ऐसा करने वाले एक मात्र गेंदबाज हैं. शमी ने आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद नबी, फिर अफताब आलम और फिर मुजीब उर रहमान को आउट कर अपने वनडे करियर की पहली हैट्रिक लगाई.
शमी से पहले 1987 में चेतन शर्मा ने भारत के लिए वर्ल्ड कप में पहली हैट्रिक लगाई थी. इत्तेफाक से चेतन वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज भी हैं. उनके बाद 12 साल बाद पाकिस्तान के सकलैन मुश्ताक ने 1999 में इंग्लैंड में ही खेले गए वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी. दक्षिण अफ्रीका में 2003 में खेले गए वर्ल्ड कप में दो हैट्रिक लगी थीं. श्रीलंका के चामिंडा वास ने बांग्लादेश के खिलाफ और ब्रेट ली ने केन्या के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी.
वेस्टइंडीज में 2007 में खेले गए वर्ल्ड कप में लसिथ मलिंगा ने अपनी पहली हैट्रिक ली थी. उन्होंने यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हासिल की थी. मलिंगा ने 2011 में भी हैट्रिक ली थी लेकिन इस बार सामने केन्या थी. इसी वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के केमार रोच ने भी नीदरलैंड्स के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी. 2015 वर्ल्ड कप में भी दो हैट्रिक लगा थीं. यहां इंग्लैंड के स्टीवन फिन और दक्षिण अफ्रीका के जेपी डुमिनी ने हैट्रिक ली थी. फिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तो वहीं जेपी डुमिनी ने श्रीलंका के खिलाफ. वर्ल्ड कप में एक से ज्यादा हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड मलिंगा के नाम ही है. वह इस विश्व कप में भी खेल रहे हैं.




