Archived

इंग्लैंड ने वनडे में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ठोंके 481/6 रन

Arun Mishra
20 Jun 2018 9:45 AM IST
इंग्लैंड ने वनडे में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ठोंके 481/6 रन
x
पिछला रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के ही नाम था, जिसने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में ही 444/3 रन बनाए थे।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने मंगलवार देर शाम रनों का तूफान लाते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे क्रिकेट का नया इतिहास रच दिया। नॉटिंघम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में इंग्लिश टीम ने 481 रन बनाते हुए रिकॉर्ड बुक तहस-नहस कर दिया। बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर ऑस्ट्रेलिया के नए कप्तान टीम पैन ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। जिसे इंग्लिश टीम ने पूरी तरह गलत साबित कर दिया।
बेहतरीन फॉर्म में चल रहे जॉनी बेयरस्टो (139) और एलेक्स हेल्स (147) की तूफानी शतकीय पारी के बाद कप्तान इयोन मोर्गन की रिकॉर्डतोड़ धमाकेदार पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 6 विकेट के नुकसान पर 481 रन बनाए। इंग्लैंड का यह स्कोर वनडे इतिहास की सबसे बड़ी पारी है।
एलेक्स हेल्स ने जाय रिचर्डसन को 46वें ओवर में छक्का लगाकर टीम को 444 के पिछले रिकॉर्ड के पार पहुंचाया। पिछला रिकॉर्ड भी इंग्लैंड के ही नाम था, जिसने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में ही 444/3 रन बनाए थे।
हेल्स ने 92 गेंद में 147 (16 चौके और पांच छक्के) और जॉनी बेयरस्टो ने 92 गेंद में 139 रन (15 चौके और पांच छक्के) बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की. इस साझेदारी से पहले बेयरस्टो ने जेसन रॉय के साथ पहले विकेट के लिए 159 रन जोड़े थे। रॉय ने भी आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को जमकर धोया।
जेसन रॉय ने 61 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से 82 रन बनाए. कप्तान इयोन मॉर्गन ने भी 30 गेंदों में 67 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें छह छक्के और तीन चौके शामिल हैं।
वनडे के टॉप-3 सर्वाधिक स्कोर
1. इंग्लैंड 481/6 रन- विरुद्ध ऑस्ट्रेलिया- नॉटिंघम (2018)
2. इंग्लैंड 444/3 रन- विरुद्ध पाकिस्तान- नॉटिंघम (2016)
3. श्रीलंका 443/9 रन- विरुद्ध नीदरलैंड्स- एम्सटेलवीन (2006)
Next Story