

नई दिल्ली: श्रीलंका टीम के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने दूसरी पारी में 104 रन बनाकर 18वां टेस्ट शतक पूरा किया. इसके साथ ही विराट कोहली के नाम क्रिकेट में 50 इंटरनेशनल शतक दर्ज हो गए.
विराट कोहली की इस उपलब्धि पर टीम के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि भारतीय कप्तान के लिये 'कुछ भी असंभव नहीं'है. कोहली अब दिग्गज सचिन तेंडुलकर के 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों के 'आधे' पर पहुंच गए हैं.
रवि शास्त्री ने भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच ड्रॉ छूटने के बाद एक कार्यक्रम के बाद कहा, ''कुछ भी असंभव नहीं है. वह (कोहली) बेहतरीन खिलाड़ी है और मैं बहुत खुश हूं. ''
पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कोहली को बेजोड़ क्रिकेटर करार दिया. उन्होंने कहा, ''यह उसकी (कोहली) जादुई पारी थी. वह कप्तान के रूप में बहुत अच्छा है. उसे अभी लंबा रास्ता तय करना है. ''
भारतीय कप्तान अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 से ज्यादा सेंचुरी बनाने वाले आठवें बल्लेबाज बन गए हैं.




