
बुरे फंसे श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांडीमल, ICC ने बॉल टेंपरिंग का दोषी पाया!

नई दिल्ली : श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान दिनेश चंडीमल पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। वेबसाइट 'ईएसपीएन डॉट कॉम' की रिपोर्ट के अनुसार, चंडीमल को वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन गेंद से छेड़छाड़ का दोषी पाया गया है।
आईसीसी ने रविवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर जारी पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि करते हुए कहा, "श्रीलंका के कप्तान चंडीमल को आईसीसी की आचार संहिता 2.2.9 स्तर के उल्लंघन का दोषी पाया गया है।"
BREAKING: Sri Lanka captain Dinesh Chandimal has been charged for breaching Level 2.2.9 of the ICC Code of Conduct.
— ICC (@ICC) June 17, 2018
More to come... #WIvSL pic.twitter.com/EGU278hZug
आईसीसी ने अपने ट्वीट में कहा कि इस मामले में आगे की जानकारी भी दी जाएगी। इस मुद्दे के ही कारण श्रीलंका ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत देरी से की थी। हालांकि, टीम ने इस मामले से साफ इनकार किया है।
वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के 253 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 2 विकेट पर 118 रन बनाए हैं। श्रीलंकाई टीम ने अंपायरों के फैसले का विरोध किया और इसलिए मैदान पर उतरने से इनकार किया। अंपायरों, मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ और श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चंडीमल के बीच चर्चा जारी है।
मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ, श्रीलंकाई कोच चंडिका हथुरासिंघे और टीम मैनेजर असांका गुरूसिंघा के बीच बातचीत हुई। एक समय दिन के खेल और यहां तक कि पूरे मैच को लेकर आशंका बन गई थी।
बातचीत के बाद हालांकि श्रीलंकाई गेंद बदलने और आगे खेलने के लिए तैयार हो गए हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि वे गेंद से छेड़छाड़ के किसी आरोप का विरोध करेंगे।
यही नहीं वेस्टइंडीज के स्कोर में पांच पेनल्टी रन भी जोड़ लिए गए। बीच में एक समय लग रहा था कि समस्या सुलझा ली गई है और निश्चित समय से डेढ़ घंटे बाद डेरेन सैमी स्टेडियम में खेल शुरू हो जाएगा, क्योंकि श्रीलंकाई टीम मैदान पर उतर गई थी।
इसके बाद हालांकि अंपायरों के साथ आगे चर्चा हुई और श्रीलंकाई टीम वापस ड्रेसिंग रूम में लौट गई। इसके बाद फिर से बातचीत शुरू हुई। इस बीच वेस्टइंडीज के टीम मैनेजर रॉल लुईस, कोच स्टुअर्ट लॉ और कप्तान जैसन होल्डर पूरी स्थिति से परेशान दिखे और उन्होंने मैच रेफरी से स्पष्टीकरण भी चाहा।
आपको बता दें यह उल्लंघन गेंद की स्थिति को बदलने से संबंधित है। जिस तरह ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज केमरन बैनक्रॉफ्ट के खिलाफ मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गेंद पर सैंडपेपर के टुकड़े को रगड़ने का आरोप था।




