
श्रीलंका के इस खिलाड़ी ने गेंद से की छेड़छाड़, लगा जुर्माना

नई दिल्ली: नागपुर में चल रहे सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में श्रीलंका टीम के गेंदबाज दासुन शनाका को बॉल टेम्पीरिंग का आरोप लगा है. श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दासुन शनाका भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन गेंद के साथ छेड़छाड़ का दोषी पाया गया है. आईसीसी की ओर से दसुन शनाका पर मैच फीस का 75 फीसदी जुर्माना लगाया गया है.
शनिवार को मैच के दूसरे दिन 50वें ओवर में शनाका को बॉल की सीम को काटते हुए कैमरे में देखा गया. आईसीसी ने बयान में कहा, 'दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद शनाका ने अपनी गलती को मान लिया और सजा को स्वीकर किया.
इसलिए मामले में किसी तरह की औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं हैं. रेफरी बून ने कहा है कि यह गेंदबाज के करियर की शुरुआत है और उम्मीद है कि आगे से वह इन बातों का जरूर ध्यान रखेंगे.
इससे पहले भी श्रीलंका टीम अपने कप्तान के बयान से विवादों में आ गई थी. दिनेश चंडीमल ने पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई दो टेस्ट मैचों की सीरीज को जादू टोने की मदद से जीतने की बात कही थी. उनके इस बयान का सोशल मीडिया पर काफी मजाक बनाया गया.
बता दें कि 3 मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट गंवाकर 312 रन बना लिए हैं. इसी के साथ ही भारत ने श्रीलंका पर 107 रनों की बढ़त हासिल कर ली है.
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम महज 205 रन पर ऑल आउट हो गई थी.भारतीय टीम की कोशिश अब मैच में बड़ी लीड हासिल करते हुए श्रीलंकाई बल्लेबाजी को दबाव में लाने पर टिकी हुई है.
टीम इंडिया इस समय टेस्ट रैंकिंग में नंबर वन पर है. सीरीज के अंतर्गत कोलकाता में हुआ पहला टेस्ट बारिश से प्रभावित रहा था. यह मैच ड्रॉ समाप्त हुआ था.




