
Archived
बॉल टैम्परिंग : वॉर्नर-स्मिथ पर एक साल की पाबंदी, BCCI ने IPL से भी किया बाहर
Arun Mishra
28 March 2018 4:58 PM IST

x
स्मिथ और वार्नर क्रमश: राजस्थान रायल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान थे?
नई दिल्ली : बॉल टैम्परिंग विवाद के चौथे दिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने खिलाड़ियों पर कार्रवाई की। हालांकि, वह उतनी सख्त नहीं हुई, जितनी की खुद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री के दखल के बाद उम्मीद की जा रही थी। बोर्ड ने कप्तान रहे स्टीव स्मिथ (29) और उपकप्तानी कर चुके डेविड वॉर्नर (32) पर एक-एक साल का बैन लगा दिया। ये दोनों दो साल तक कप्तानी भी नहीं कर पाएंगे। वहीं, गेंद से छेड़छाड़ करने वाले कैमरन बेनक्रॉफ्ट पर सिर्फ नौ महीने की पाबंदी लगाई गई।
BCCI ने IPL से भी किया बाहर
वहीं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले के बाद आईपीएल ने भी दोनों खिलाड़ियों को बैन कर दिया। स्मिथ और वार्नर क्रमश: राजस्थान रायल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान थे, लेकिन इस प्रकरण के बाद उन्हें कप्तानी छोड़नी पड़ी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के एक-एक साल के बैन के बाद बीसीसीआई ने दोनों को आईपीएल से बाहर कर दिया। आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ने यहां पत्रकारों से कहा, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दोनों खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाया है और हम भी इस साल दोनों को आईपीएल से बाहर कर रहे हैं।
आपको बता दें सचिन तेंडुलकर पर 2001 में बॉल टैम्परिंग मामले में एक मैच का बैन लगा था। इसे बाद में हटा लिया गया। 2010 में शाहिद आफरीदी पर भी दो मैचों का प्रतिबंध लगा था।
Next Story




