

नई दिल्ली : एजबेस्टन में हो रहे भारत और इंग्लैंड के बीच पहले टेस्ट ने रोमांचक मोड़ ले लिया है. इस मैच के चौथे दिन में एक तरफ भारत को 84 रनों का सामना करना है वहीँ दूसरी तरफ इंग्लैंड को 5 विकेट चाहिए. फिलहाल क्रीज पर कप्तान विराट नाबाद 43 रन जबकि दिनेश कार्तिक 18 रन बनाकर मौजूद हैं.
कोहली के पास इतिहास रचने का मौका
कप्तान कोहली यदि यह मैच टीम इंडिया को जीता देते हैं तो यह पहला मौका होगा जब भारतीय टीम एजबेस्टन के मैदान पर जीत दर्ज़ करेगी. हालाँकि कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम अपना पहला टेस्ट खेल रही हैं.
ऐसा रहा तीसरे दिन का हाल
खेल के तीसरे दिन इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 180 रन पर ऑल आउट हो गई थी और उसे 193 रन की बढ़त हासिल हुई थी. भारत को जीत के लिए 194 रन का लक्ष्य मिला था. अब भारत को जीत के लिए 84 रन की दरकार है तो वहीं इंग्लैंड को जीतने के लिए 5 विकेट चाहिए.
दूसरी पारी में लड़खड़ाई भारतीय बल्लेबाजी
दूसरी पारी में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम के ओपनर बल्लेबाज मुरली विजय दूसरी पारी में भी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए. वो महज 6 रन के निजी स्कोर पर स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए. टीम के दूसरे ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन को भी ब्रॉड ने अपना शिकार बनाया. धवन 13 रन बनाकर ब्रॉड की गेंद पर ब्रिस्टो के हाथों कैच आउट हो गए. लोकेश राहुल भी पहली पारी की तरफ इस पारी में भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए.
उन्हें बेन स्टोक्स ने 13 रन पर बेयरस्टो के हाथों कैच आउट करवा दिया. रहाणे 2 रन के स्कोर पर सैम कुर्रन की गेंद पर ब्रिस्टो के हाथों कैच आउट हुए. आर अश्विन को बल्लेबाजी के लिए उपर बुलाया गया लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ. वो 13 रन बनाकर एंडरसन की गेंद पर ब्रिस्टो के हाथों कैच आउट हो गए.दूसरी पारी में भारत के खिलाफ स्टुअर्ट ब्रॉड ने दो जबकि एंडरसन, बेन स्टोक्स व सैम कुर्रन ने एक-एक विकेट लिए.




