Archived

शाहिद अफरीदी के भारत विरोधी ट्वीट पर अब विराट कोहली ने दिया ये जवाब

Vikas Kumar
5 April 2018 3:45 PM IST
शाहिद अफरीदी के भारत विरोधी ट्वीट पर अब विराट कोहली ने दिया ये जवाब
x
File Photo
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर एक बार फिर विवादित ​ट्वीट किया, जिस पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का बयान सामने आया है।

नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने जम्मू-कश्मीर को लेकर एक बार फिर विवादित ​ट्वीट किया, जिस पर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का बयान सामने आया है।

इससे पहले भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने अफरीदी के इस बयान की काफी आलोचना की थी। जिसके बाद अब विराट कोहली ने भी इसकी निंदा की है। विराट कोहली ने शाहिद अफरीदी के भारत विरोधी बयान को दरकिनार करते हुए कहा कि कोई कुछ भी कहे लेकिन वह हमेशा अपने देश के साथ खड़े रहेंगे।

विराट ने कहा, 'एक भारतीय होने के नाते आप वह कहते हैं जो आपके देश के लिए सबसे अच्छा होता है। मेरे हित हमेशा देशहित के लिए हैं। यदि कोई इनका विरोध करता है तो मैं कभी उनका समर्थन नहीं करूंगा।'

विराट कोहली ने आगे कहा, 'कुछ मामलों पर टिप्पणी करना उनकी निजी पसंद हो सकता है लेकिन जब तक मुझे मामले की पूरी जानकारी न हो तब तक मैं उसमें नहीं पड़ता। निश्चित रूप से आपकी प्राथमिकता आपके देश के साथ ही रहती है।'

दरअसल शाहिद अफरीदी ने जम्मू-कश्मीर में गत रविवार को सेना के आॅपरेशन में मारे गए 12 आतंकवादियों से सहानुभूति जताते हुए ट्वीट किया, 'भारत के कब्जे वाले कश्मीर में स्थिति नाजुक होती जा रही है। वहां पर आज़ादी की आवाज़ को दबाया जा रहा है और बेगुनाहों को मारा जा रहा है। मुझे हैरानी हो रही है कि अब सयुंक्त राष्ट्र और उससे जुड़ी अन्य संस्थाएं कहां हैं? इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है?'

इस पर गौतम गंभीर ने अफरीदी को करारा जवाब देते हुए उन्हें अपरिपक्व शख्स करार दिया था। उन्होंने कहा कि कश्मीर की मौजूदा स्थिति पर अफरीदी का ट्वीट और संयुक्त राष्ट्र को लेकर उनका संदर्भ उनके 'आयु वर्ग' के अनुसार है।

उन्होंने कहा, 'मीडिया ने हमारे कश्मीर और @UN पर @SAfridiOfficial के ट्वीट पर मेरी प्रतिक्रिया मांगी। लेकिन इसमें कहने के लिए है ही क्या। शाहिद अफरीदी उस @UN की बात कर रहे हैं, जिसका मतलब उनकी रिटार्टेड डिक्शनरी में "अंडर19" से है जो उसका आयु वर्ग है। मीडिया को इसकी चिंता नहीं करनी चाहिए, क्योंकि @SAfridiOfficial नो बॉल पर विकेट का लुत्फ उठा रहे हैं।

Next Story