
रणजी ट्रॉफी में नहीं खेल रहे युवराज सिंह, BCCI ने उठाए सवाल

नई दिल्ली: भारत के अनुभवी क्रिकेटर युवराज सिंह रणजी ट्रॉफी मैच न खेलकर राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में फिटनेस ट्रेनिंग कर रहे हैं. उनके इस फैसले से बीसीसीआई के अधिकारियों का एक वर्ग नाराज़ होता दिख रहा हैं.
ऐसे में बोर्ड के अधिकारियों का नाराज़ होना चयन के समय युवराज को भारी भी पड़ सकता हैं. युवराज सिंह अब तक पंजाब के पांच में से चार रणजी मैचों में नहीं खेले हैं. वह विदर्भ के खिलाफ सिर्फ एक मैच में खेले हैं, जिसमें उन्होंने 20 और 42 रन बनाए हैं.
बीसीसीआई के कुछ अधिकारी अब राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में उनकी मौजूदगी पर सवाल उठा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने अभी किसी तरह की चोट के बारे में नहीं बताया है.
पता चला है कि युवराज यो-यो फिटनेस टेस्ट को पास करने के लिये बेताब हैं, जिसमें पहले वह असफल हो गए थे. लेकिन ऐसा प्रतिस्पर्धी मैचों में नहीं खेलकर हो रहा है.
भारतीय टीम में वापसी भी युवराज सिंह के लिए जरूरी है, क्योंकि उनके आईपीएल नीलामी पूल में वापसी की उम्मीद है और फ्रेंचाइजी टीमों के लिए भारतीय टीम से बाहर चल रहे खिलाड़ी को लेना पहला विकल्प नहीं होता.
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर पीटीआई से कहा, 'ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है कि युवराज रिहैबिलिटेशन कर रहे हैं, लेकिन हमें पता चला है कि वह यो-यो टेस्ट पास करने के लिए विशेष फिटनेस ट्रेनिंग कर रहे हैं. लेकिन रणजी ट्रॉफी छोड़ना अच्छी चीज है या नहीं, इस पर युवराज सिंह को फैसला करना होगा.'




