खेलकूद

लगातार 16वें साल प्रीति जिंटा का IPL जीतने का ख्वाब हो गया चकनाचूर

Shiv Kumar Mishra
18 May 2023 10:37 AM GMT
लगातार 16वें साल प्रीति जिंटा का IPL जीतने का ख्वाब हो गया चकनाचूर
x

लगातार 16वें साल प्रीति जिंटा का IPL जीतने का ख्वाब चकनाचूर हो गया। IPL से पहले ही बाहर हो चुकी दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 15 रन से हराकर उसे भी बाहर कर दिया है। पहले खेलते हुए DC ने 2 विकेट पर 213 रन बनाए, जिसके जवाब में PBKS 8 विकेट खोकर 198 रन ही बना सकी। पंजाब के कप्तान शिखर धवन ने स्पिनर हरप्रीत बरार से अंतिम ओवर डलवा कर बड़ी भूल कर दी। इस ओवर से 23 रन आए और वही अंत में जीत-हार के बीच का फासला बन गए। कगिसो रबाडा और अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाजों के रहते हुए शिखर ने यह निर्णय लिया था। पंजाब किंग्स के 13 मुकाबलों में 6 जीत और 7 हार के साथ 12 अंक हैं। वह -0.308 के नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में आठवें पायदान पर है। वहीं दिल्ली के 13 मुकाबले में 5 जीत और 8 हार के साथ 10 अंक हैं। उसका नेट रन रेट -0.572 है।

दिल्ली कैपिटल्स आखिरकार सब कुछ लुटा कर होश में आ गई। धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उम्मीद ये कि DC को कम स्कोर पर समेट दिया जाएगा और फिर नेट रन रेट में सुधार करने के लिए कुछ गेंदे बाकी रहते ही टारगेट हासिल कर लिया जाएगा। पर इस उम्मीद को शुरुआती झटका तब लगा, जब दिल्ली के सलामी बल्लेबाजों ने पावरप्ले में 61 रन कूट दिए। 6 मुकाबलों तक टीम से ड्रॉप रहने के बाद पृथ्वी शॉ ने धमाकेदार वापसी की। उन्होंने 36 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हालात ऐसे हो गए कि पहले 10 ओवरों में दिल्ली का कोई विकेट ही नहीं गिरा।

सैम करन ने 11वें ओवर की दूसरी गेंद 109 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली। धीमी गेंद को ग्राउंड से बाहर मारने के प्रयास में वॉर्नर स्लाइस करते हुए कवर्स पर खड़े गब्बर को कैच थमा बैठे। डेविड वॉर्नर ने 31 गेंद पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 46 रन बनाए। दिल्ली को 94 के स्कोर पर पहला झटका लगा। यहां से पृथ्वी शॉ और राइली रूसो ने 27 गेंद पर 54 रनों की साझेदारी बना दी। सैम करन के 15वें ओवर की अंतिम शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद पृथ्वी शॉ ने फाइन लेग में काफी ऊंची मार दी। अथर्व ने शानदार कैच पकड़ते हुए पृथ्वी शॉ की धुआंधार पारी का अंत कर दिया। शॉ ने 38 गेंद पर 7 चौकों और 1 छक्के की मदद से 54 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 146 का रहा।

पृथ्वी शॉ के जाने के बाद राइली रूसो और फिलिप साल्ट ने अंतिम 30 गेंदों पर 65 रन जड़ दिए। दोनों ने मिलकर पंजाब के गेंदबाजों को मैदान के चारों ओर मारा। खासकर राइली रूसो ने तो धागा ही खोल दिया। उन्होंने 37 गेंद पर 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 82* रन बनाए। रूसो का स्ट्राइक रेट 222 रहा। साल्ट ने 14 गेंद पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 26* रनों की पारी खेली। अगर रूसो पूरा सीजन ऐसा खेले होते, तो दिल्ली IPL से बाहर होने वाली पहली टीम नहीं बनती। कुछ खिलाड़ी जीत और हार की अहमियत से मुक्त होकर अच्छा प्रदर्शन करते हैं। बगैर किसी दबाव के बल्लेबाजी कर रहे रूसो के खेल को देखकर ऐसा ही लगा। DC ने 20 ओवर में 213/2 बनाए।

दिल्ली के लिए ना सही, पंजाब के लिए यह मैच जीवन-मरण का सवाल था। PBKS के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने खलील अहमद का पहला ओवर मेडन खेल लिया। अब पंजाब 19 ओवर में 214 का टारगेट चेज कर रही थी। ईशांत शर्मा के दूसरे ओवर की पहली गेंद फुलर लेंथ की थी और शेप लेते हुए गब्बर से दूर जा रही थी। शिखर ने लूज ड्राइव खेला और बल्ले का किनारा फर्स्ट स्लिप में पहुंच गया। इतने बड़े मुकाबले में पंजाब के कप्तान बगैर खाता खोले लौट गए। PBKS ने पावरप्ले की समाप्ति के बाद 1 विकेट के नुकसान पर 47 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए 33 गेंदों पर 50 रनों की साझेदारी हुई।

प्रभसिमरन सिंह और अथर्व तायडे मिलकर PBKS को खेल में वापस लाने का भरसक प्रयास कर रहे थे। तभी अक्षर पटेल के 7वें ओवर की चौथी गेंद पर प्रभसिमरन डांसिंग डाउन द ट्रैक आ गए, पर गेंद की पिच तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने गेंद को अक्रॉस द लाइन लॉफ्ट कर दिया और लॉन्गऑन पर कैच दे बैठे। प्रभसिमरन 19 गेंद पर 22 रन बनाकर लौटे और 50 के स्कोर पर पंजाब को दूसरा झटका लग गया। 10 ओवर की समाप्ति के बाद PBKS का स्कोर 75 पर 2 खिलाड़ी आउट था। फर्स्ट डाउन बल्लेबाजी करने आए अथर्व तायडे ने अपना अर्धशतक जरूर पूरा किया, लेकिन वह रन रेट के हिसाब से तेज नहीं खेल पा रहे थे। अर्धशतक लगाना और तेज अर्धशतक बनाने में फर्क होता है।

इसी का नतीजा रहा कि 14 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 117/2 था और उसे जीत के लिए 36 गेंद पर 97 रन चाहिए थे। अथर्व 42 गेंद पर 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 55 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। उन्होंने बल्ले पर गेंद ठीक तरीके से ना आने के कारण यह निर्णय लिया। एनरिक नॉर्त्या ने नए बल्लेबाज जितेश शर्मा को 16वें ओवर की चौथी शॉर्ट गेंद पर मिसटाइम पुल के जरिए फाइन लेग पर कैच कराया। स्कोर 129 पर 4 आउट। दूसरे छोर से लिविंगस्टोन अकेले ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे। लिविंगस्टोन ने सिर्फ 30 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया था। मुकेश कुमार के 18वें ओवर से 3 छक्कों के साथ 21 रन आए।

एनरिक नॉर्त्या के 19वें ओवर की दूसरी गेंद 142 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से थी। सैम करन ज्यादा ही अक्रॉस चले गए थे। नतीजा वह गेंद की लाइन मिस कर गए और 5 बॉल पर 11 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। अगली गेंद पर हरप्रीत बरार रन आउट हो गए। यहां से पंजाब को जीत के लिए 9 गेंद पर 34 रन की दरकार थी। लियाम लिविंगस्टोन ने 48 गेंद पर 5 चौकों और 9 छक्कों की मदद से ताबड़तोड़ 94 रन बना दिए। वह ईशांत शर्मा के 20वें ओवर की अंतिम लेंथ डिलीवरी आउटसाइड ऑफ पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में लॉन्गऑफ के हाथ कैच आउट हो गए। ना लिविंगस्टोन का शतक पूरा हो सका और ना पंजाब को जीत मिली। PBKS निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 198 रन ही बना सकी और 15 रन से मुकाबला हार गई। दिल्ली के लिए 82* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले राइली रूसो को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।

Next Story