
Archived
CM खट्टर बोले, 6 महीने के अंदर जेल की सलाखों के पीछे होंगे वाड्रा
Special News Coverage
18 Nov 2015 12:13 PM IST

जींद/हरियाणा : हरियाणा जमीन विवाद में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को जींद में एक कॉलेज की आधारशिला रखने पहुंचे सीएम ने कहा कि आने वाले समय न सिर्फ कांग्रेस शासनकाल में हजारों करोड़ के घोटाले का पर्दाफाश किया जाएगा, बल्कि छह महीने के अंदर सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा जेल की सलाखों के पीछे होंगे।
मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि जिन लोगों ने जनता के हक का पैसा खाया है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा वापस लाकर विकास कार्य में लगाया जाएगा।
अपने भाषण के दौरान मनोहर लाल खट्टर ने रॉबर्ट वाड्रा की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ढींगरा आयोग छह महीने में अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप देगा और रिपोर्ट के आने के बाद दोषी सलाखों के पीछे होंगे। पिछली सरकार के 'हरियाणा नंबर-1' पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनते ही सबसे पहले उन्होंने पहले बजट से पूर्व प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी किया, जिसमें एक जिले की प्रति व्यक्ति आय 4.40 लाख रुपए जबकि साथ लगते दूसरे जिले की 40 हजार रुपये दर्शाई गई थी।
Next Story




