Archived

शिवपाल यादव के मंच से यूपी सरकार का राज्य मंत्री 'तोताराम' गिरफ्तार

Special News Coverage
30 Dec 2015 6:14 PM IST
Totaram Yadav Sapa

लखनऊ : यूपी पंचायत चुनाव के दौरान बूथ कैप्चरिंग के आरोपी दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री तोताराम यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के समय वह कैबिनेट मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के साथ मंच साझा कर रहे थे। कार्यक्रम के खत्म होने के बाद वह जैसे ही मंच से नीचे उतरे पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तोताराम सहित 15 लोगों के खिलाफ मैनपुरी के बेवर थाने में केस दर्ज है।

दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हैं तोताराम यादव

सहकारिता विभाग की कार्यदायी संस्था पैक्सफेड के चेयरमैन तोताराम यादव सपा के पुराने नेता हैं। उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त है। मैनपुरी के लोकसभा चुनाव में उनकी अहम भूमिका थी। उन पर कई नियुक्तियों को लेकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ि‍यां करने का आरोप है। उनको सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का करीबी माना जाता है।

बाद में जब शिवपाल से इस बाबत सवाल किया गया तो वह टाल गये और खेलों के महत्व पर प्रकाश डालने लगे। यह पूछने पर कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और वह खुद सैफई महोत्सव में क्यों शामिल नहीं हुए, उन्होंने व्यस्तता वजह बतायी।

जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर को पंचायत चुनाव के दूसरे फेज के लिए वोटिंग हुई थी। इसमें तोताराम खुद जिला पंचायत का चुनाव लड़े थे। मैनपुरी के बेवर ब्लॉक के रायपुर बूथ का एक वीडियो सामने आया। इसमें तोताराम बूथ कैप्चरिंग करते हुए साफ दिखे थे।वह बूथ के अंदर बैलेट पेपर्स पर ठप्पा लगाते हुए नजर आए थे। उस समय वोटिंग अफसर सहित तीन लोग मौजूद थे। इलेक्शन कमीशन के निर्देश पर केस दर्ज की गई थी।

तोताराम ने अपने खिलाफ दर्ज मामले में इलहाबाद उच्च न्यायालय से राहत मांगी थी लेकिन उनकी याचिका रद्द कर दी गयी। वह अदालत में आत्मसमर्पण से बचते आ रहे थे।
Next Story