लाइफ स्टाइल

हिमालय की हसीन वादियों में स्थित नेपाल का एक सुंदर शहर 'पोखरा'

Satyapal Singh Kaushik
15 March 2022 4:00 AM GMT
हिमालय की हसीन वादियों में स्थित नेपाल का एक सुंदर शहर पोखरा
x
पोखरा नेपाल का दूसरा बड़ा और सुंदर शहर है।

भारत का निकटवर्ती राष्ट्र, भारत का मित्र राष्ट्र कहा जाने वाला देश नेपाल जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विविधता के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है. नेपाल में पहाड़ों की चोटियों से लेकर सुंदर सुंदर मंदिर और मठ भी हैं।

*नहीं पड़ती है वीजा की जरूरत*

भारत के नागरिकों को घूमने के लिए नेपाल में वीजा की जरूरत नहीं पड़ती है, भारतीय नागरिक आराम से नेपाल की यात्रा कर सकते हैं।

*पोखरा*

नेपाल का ही एक खूबसूरत शहर है पोखरा.इसको झीलों का शहर भी कहा जाता है यहां कई बड़ी झीलें हैं जिसमें आप नौका विहार कर सकते हैं.यहां आप अपने दोस्तों, परिवार या अपने पार्टनर संग घूमने जा सकते हैं। पोखरा जितना अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है, उतना ही ये अपने योग केंद्र के लिए भी प्रसिद्ध है। तो चलिए आपको बताते हैं कि आप पोखरा में कहां-कहां घूम सकते हैं।

*पोखरा के दर्शनीय स्थल*

"ताल बाराही मंदिर"

अगर आप मंदिर जाते हैं और भगवान में आस्था रखते हैं, तो आप ताल बाराही मंदिर जा सकते हैं। ये मंदिर मां दुर्गा को समर्पित है। फेवा झील में एक छोटे से द्वीप पर इस मंदिर को बनाया गया है। हर साल यहां काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और मां दुर्गा से अपनी मनोकामना मांगते हैं।

"शांति स्तूप"

शांति स्तूप की अपनी अलग मान्यता है, जिसे लोग विश्व शांति स्थल के नाम से भी जानते हैं। दरअसल, ये एक बौद्ध स्मारक है जो पहाड़ी पर स्थित है। ये स्तूप विश्व शांति को समर्पित है और नेपाल का दूसरा शांति स्तूप है। आप यहां जाकर सुकून के पल बिता सकते हैं और इस दौड़ती-भागती दुनिया से कुछ देर के लिए ही सही, लेकिन दूरी बना सकते हैं।

"देवी फॉल"

पोखरा में आप देवी फॉल भी जा सकते हैं। ये देवी फॉल काफी अनोखा है, क्योंकि एक बिंदु ऐसा आता है, जहां धारा अचानक गायब होकर भूमिगत हो जाती है। मानसून में इस झरने को देखने का सबसे सही समय होता है। देवी फॉल लोगों को अपनी तरह आकर्षित करता है और हर साल काफी संख्या में सैलानी यहां पहुंचते हैं।

"फेवा झील"

अगर आप पोखरा जा रहे हैं, तो आप फेवा झील भी जा सकते हैं जो नेपाल की दूसरी सबसे बड़ी झील है। फेवा झील के उत्तर-पूर्वी किनारे से आप झील का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं। झील में आप नौका विहार के आनंद ले सकते हैं। झील के किनार बैठकर अपनों संग समय बिता सकते हैं और साथ ही गरमा-गरम चाय का आनंद भी ले सकते हैं।

आदि कई ऐसे जगह हैं जहां आप आराम से सुकून के साथ शांति के पल बिता सकते हैं।

*भारत के प्रमुख नगरों से दूरी*

दिल्ली से पोखरा की दूरी करीब ग्यारह सौ किलोमीटर के आसपास है तो वहीं उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर और गोरखपुर से करीब तीन सौ किलोमीटर के आसपास है।

आप पोखरा हवाई जहाज और बस से जा सकते हैं। यहां वर्षभर सैलानियों की भारी भीड़ रहती है।

Satyapal Singh Kaushik

Satyapal Singh Kaushik

न्यूज लेखन, कंटेंट लेखन, स्क्रिप्ट और आर्टिकल लेखन में लंबा अनुभव है। दैनिक जागरण, अवधनामा, तरुणमित्र जैसे देश के कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में लेख प्रकाशित होते रहते हैं। वर्तमान में Special Coverage News में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story