Top Stories

दोस्तों की करनी दूल्हे को भुगतनी पड़ी, दुल्हन ने किया फेरे लेने से इनकार

सुजीत गुप्ता
30 Nov 2021 6:38 AM GMT
दोस्तों की करनी दूल्हे को भुगतनी पड़ी, दुल्हन ने किया फेरे लेने से इनकार
x

प्रतिकात्मक फोटो

आगरा के ताजगंज स्थित एक मैरिज होम में रविवार रात को बरात पहुंचने के बाद जयमाल से पहले ही हंगामा हो गया क्योंकि दूल्हे ने गश खाकर गिर गया। मिर्गी के दौरे आने की चर्चा पर दुल्हन और उनके घरवालों ने शादी से इनकार कर दिया और बरात को बंधक बना लिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। दोनों परिवार ने रात में पंचायत की, लेकिन समझौता नहीं हो सका। सोमवार को एक बार फिर परिवार के लोग बैठे। शादी में हुए खर्च की रकम वापस करने पर बात बनी। पुलिस से शिकायत नहीं की।

दूल्हा कैंट क्षेत्र का रहने वाला है। वह पिता के साथ मिलकर व्यवसाय करता है। दुल्हन शाहगंज क्षेत्र की रहने वाली है। शादी समारोह ताजगंज के एक मैरिज होम में चल रहा था। रात तकरीबन 12 बजे बरात दरवाजे पर पहुंची थी। इस दौरान ढोल भी बज रहा था। अचानक दूल्हे ने अपने दोस्तों से ढोल बंद करवाया। इसके बाद वो गश खाकर गिर पड़ा। यह देखकर बरात में अफरातफरी मच गई। दोस्त उसे मैरिज होम के अंदर लेकर पहुंचे। उसके चेहरे पर पानी डाला। तकरीबन 15 मिनट बाद वो होश में आ सका। यह देखकर घराती सन्न रह गए। हल्ला मच गया कि दूल्हे को मिर्गी के दौरे पड़े थे। इस पर दुल्हन और उसकी मां ने शादी से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि लड़का बीमारी से ग्रसित है। यह बात उनसे छिपाई गई। अब शादी नहीं करेंगे।

उन्होंने दूल्हे पक्ष को जाने से रोक लिया। कहा कि शादी में 35 लाख रुपये खर्च हुए हैं। यह देकर ही जाने देंगे। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। बताया कि दूल्हे को बंधक बना लिया गया है। थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक ओमहरि बाजपेयी पहुंच गए। उन्होंने पहुंचकर दोनों परिवार से बात की। लड़की पक्ष से कहा कि वो झगड़ा नहीं करें। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। आपस में बातचीत करके कोई हल निकलता है तो कर लें। सोमवार को पंचायत में दोनों परिवार में समझौता होने की बात कही जा रही है।

परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि दूल्हे के साथ कुछ दोस्त थे। उन्होंने दूल्हे के साथ शरारत की। उसे कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर दो पैग शराब दे दी। दूल्हा शराब नहीं पीता था। इससे उसे चक्कर आ गया और वह गिर गया। उसे मिर्गी के दौरे पड़ने की बात गलत है। पहले कभी ऐसी दिक्कत नहीं हुई। बताया गया है कि दूल्हे की मां की कोरोना के चलते मौत हो गई थी। घर में पिता-पुत्र ही हैं। इसलिए पिता बेटे की जल्दी शादी कर रहे थे।

बरात काफी देर से चढ़ी थी। इसी दौरान हंगामा हो गया। इस कारण कोई बराती खाना नहीं खा सका। महिलाएं और बच्चे भी भूखे थे। दो घंटे बाद बरात जा सकी, तब सभी के लिए एक ढाबे पर इंतजाम किया गया।




सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story