राष्ट्रीय

अखिलेश ने कहा,चुनाव को प्रभावित कराने के लिए यूपी के बाहर के नेताओं को भाजपा ने बुलाया

अखिलेश ने कहा,चुनाव को प्रभावित कराने के लिए यूपी के बाहर के नेताओं को भाजपा ने बुलाया
x

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव के बड़े बेटे समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 विधानसभा चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने वाला चुनाव होगा।भारतीय जनता पार्टी साजिश करने वाली राजनीति करती है,विधानसभा चुनाव की निष्पक्षता को नष्ट करने पर उतारू हो गई है। गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र आदि प्रदेश से भाजपा और आरएसएस के कार्यकर्ता चुनाव को प्रभावित करने के लिए उत्तर प्रदेश पहुंच चुके हैं।

सपा मुखिया ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि आरएसएस न तो स्वतंत्रता संग्राम में शामिल रहा और न ही उनकी प्रतिबद्धता संविधान, समाजवाद व पंथनिरपेक्षता पर है। समाजवादी लोकतंत्र और सबके हक और सम्मान के लिए संघर्षरत रहे हैं। भाजपा ने समाज के दलितों, पिछड़ों के हक छीन कर उन्हें प्रताड़ित करने का काम किया है। भाजपा-समाजवादी पार्टी की नीति और नीयत में यही फर्क है। भ्रष्टाचार, लूट और षडयंत्र भाजपा की रणनीति और कार्यनीति का प्रमुख अंग है।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा के राज में सत्ता के संरक्षण में अपराधियों का बोलबाला है,असामाजिक तत्व और अपराधी पुलिस के संरक्षण में खेल-खेलते हुए दिखाई देते है।भाजपा की सरकार ने अभी तक टापटेन अपराधियों की सूची को भी जारी नहीं किया है।किसानों को जीप से कुचलवाने वाले मंत्री को अभी तक हटाया नहीं गया है।बेरोजगार नौजवान सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे है,वे ताली-थाली बजाकर भाजपा के विदाई गीत गा रहे हैं।

सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा का सबसे प्रिय काम नफरत फैलाना है,समाज को बांटना है।समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में सद्भाव कायम रखा। समाज के सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा, कोई भेदभाव-पक्षपात नहीं किया। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सबको को धोखा दिया,अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा शासन के 2017 से कार्यकाल में विकास अवरुद्ध रहा है। भाजपा और समाजवादी पार्टी की सरकारों में यही फर्क साफतौर पर है।


Next Story