Top Stories

अखिलेश यादव ने योगी सरकार से पूछा बुलडोजर वाला सवाल, जानें क्या है?

अखिलेश यादव ने योगी सरकार से पूछा बुलडोजर वाला सवाल, जानें क्या है?
x

ललितपुर में थाने में किशोरी से हुए रेप मामले में सियासत तेज हो गई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार शाम रेप पीड़िता से मिलने ललितपुर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उन्होंने पीड़िता से उसका हाल जाना, साथ ही न्याय दिलाने का भरोसा दिया है।​​ ​अस्पताल से बाहर आने के बाद अखिलेश ने कहा, 'सरकार की कानून व्यवस्था फेल है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए जो भी जरूरत पड़ेगी वो सपा करेगी।'

अखिलेश यादव पीड़िता की मां से मुलाकात के बाद कहा कि थाने अराजकता के सेंटर बन गए हैं। अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में चंदौली व ललितपुर की घटनाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि थानों में गरीबों की सुनवायी नहीं हो रही। शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती। विभागीय लापरवाहों को बर्खास्त करने के बजाए लाइन हाजिर किया जा रहा है। पुलिस को पता था कि आरोपित इंस्पेक्टर कहां है। इसीलिए उसको गिरफ्तार कर लिया। घटनाओं को अंजाम देने के बाद पुलिस कहानी बदल रही है।

सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि अब पुलिस स्टेशन पर बुलडोजर चलेगा कि नहीं। सरकार जानबूझकर महंगाई पर बात करना नहीं चाहती। स्टील, सीमेंट सब महंगा हो गया। गरीब मकान नहीं बना पा रहे हैं। बेरोजगारी से ध्यान भटकाने के लिए लाउडस्पीकर हटाए जा रहे हैं। भाजपा को भारत का सेकुलर तानाबाना नहीं मालूम। जिसकी वजह से माहौल बिगड़ता जा रहा है। विधानसभा चुनाव में हार के कारणों के सवाल को वह टाल गए। बलिया व कानपुर का उदाहरण देकर पत्रकारों के साथ सरकार के रवैये पर भी सवाल उठाया।

बता दें कि ललितपुर में एक 13 साल की किशोरी ने SHO पर रेप का आरोप लगा है। किशोरी की मां ने तहरीर दी है। इसमें बताया है कि SHO तिलकधारी सरोज ने कमरे में ले जाकर लड़की के साथ दुष्कर्म किया। SP ने आरोपी SHO को सस्पेंड कर दिया है। DIG ने पूरे थाने को लाइन हाजिर कर दिया है। घटना का आरोपी भी गिरफ्तार हो गया है।

सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story