Top Stories

पटना गोलीकांड में दो युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंका आरोपी का घर और गोदाम

Special Coverage Desk Editor
20 Feb 2023 12:28 PM IST
पटना गोलीकांड में दो युवकों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंका आरोपी का घर और गोदाम
x
बिहार की राजधानी पटना के नदी थाना क्षेत्र के जेठूली गांव में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान दो गुटों में हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना में एक ही परिवार के गौतम कुमार और रौशन कुमार नामक युवक की हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाया.

पटना. बिहार की राजधानी पटना के नदी थाना क्षेत्र के जेठूली गांव में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान दो गुटों में हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना में एक ही परिवार के गौतम कुमार और रौशन कुमार नामक युवक की हुई मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा मचाया. घटना से गुस्साए आक्रोशित ग्रामीणों ने जहां आरोपी उमेश राय के घर पर जमकर पथराव कर दिया. इसके अलावा उमेश राय के घर, सामुदायिक भवन, आईटीआई सेंटर और गोदाम को भी आग के हवाले कर दिया.

बताया जा रहा है कि इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने उमेश राय की आधा दर्जन से अधिक गाडिय़ों में भी आग लगा दी. घटना के बाद विभिन्न थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बवाल कर रहे उपद्रवियों को खदेड़ दिया. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

हालांकि तब तक करोड़ों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई. गौरतलब है कि व्यामशाला की जमीन को लेकर उमेश राय और चंद्रिका राय का लंबे समय से विवाद चल रहा था. विवाद के क्रम में ही गाड़ी पार्किंग को लेकर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और गोलीबारी की घटना हो गई, जिसमें गोली लगने से चंद्रिका राय के संबंधी गौतम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.

वहीं गंभीर रूप से घायल रौशन कुमार की इलाज के दौरान पीएमसीएच में मौत हो गई. तीन अन्य घायलों नागेंद्र राय, चनारिक राय और मुनारिक राय का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है. घटना को लेकर गांव में भारी तनाव का माहौल कायम है. भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर कैंप कर रही है. बताया जा रहा है कि इस विवाद के दौरान करीब 43 राउंड फायरिंग हुई है.

Next Story