राष्ट्रीय

मोदी की काशी में भाजपा की बड़ी जीत, सभी आठ सीटों पर दोबारा कब्जा, देखे कौन कितने मतों से विजयी हुआ

सुजीत गुप्ता
10 March 2022 1:52 PM GMT
मोदी की काशी में भाजपा की बड़ी जीत, सभी आठ सीटों पर दोबारा कब्जा, देखे कौन कितने मतों से विजयी हुआ
x

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम आ रहे हैं. नतीजों में सबकी निगाहें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी पर थी.यहां की सभी आठ विधानसभा सीटों पर भाजपा गठबंधन ने दोबारा कब्जा जमा लिया है। सबसे प्रतिष्ठित सीट मानी जा रही काशी विश्वनाथ कॉरिडोर वाली शहर दक्षिणी पर कांटे के मुकाबले में फंसने के बाद भी विजयी हुई है।

वाराणसी दक्षिणी सीट पर मंत्री और भाजपा के प्रत्याशी डॉ नीलकंठ तिवारी को 10722 मतों से जीत हासिल हुई है। नीलकंठ तिवारी को 99416 और सपा के किशन दीक्षित को 88697 मत मिले।

पिंडरा में अवधेश सिंह ने 35621 वोटों से बसपा उम्मीदवार को हराया। बसपा के बाबूलाल पटेल 48341 वोट पाकर दूसरे और कांग्रेस के अजय राय 47963 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। अवधेश सिंह को 83962 वोट मिले हैं।

अजगरा में भाजपा प्रत्याशी त्रिभुवन राम विजयी हुए हैं। त्रिभुवन ने सपा गठबंधन के सुभासपा प्रत्याशी सुनील सोनकर को 9245 वोटों से हराया। त्रिभुवन राम को 100545 व सुनील को 91300 वोट मिला है।

उत्तरी में राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल 42549 वोटों से जीत गए हैं। सपा प्रत्याशी अशफाक अहमद डब्ल्यू को उन्होंने हराया है। रवींद्र जायसवाल को 135464 व अशफाक 92915 वोट मिले।

सेवापुरी में भाजपा प्रत्याशी नीलरतन पटेल विजयी हुए हैं। नील रतन पटेल ने सपा के पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल को 22679 से वोटों से हराया। नीलरतन पटेल को 104913 और सुरेंद्र पटेल को 82234 वोट मिले हैं।

शिवपुर में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने ओमप्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर को 27831 वोटों से हरा दिया है। अनिल राजभर को 114906, अरविंद को 87075 और बसपा के रवि मौर्या को 40429 वोट मिले हैं।

रोहनियां सीट भाजपा गठबंधन के साथी अपना दल एस प्रत्याशी सुनील पटेल ने अपना दल कमेरावादी अभय पटेल को 46601 वोट से पटखनी देकर जीती है। सुनील पटेल को 118329 और अभय पटेल को 71728 वोट मिले।

वाराणसी कैंट सीट पर भाजपा विधायक और प्रत्याशी सौरभ एक बार फिर जीत गए हैं। उन्होंने सपा प्रत्याशी पूजा यादव को हराया। फिलहाल यहां की अंतिम गणना जारी नहीं हुई थी।

Next Story