राष्ट्रीय

मथुरा की पांचों विधानसभा सीट पर BJP ने घोषित किये प्रत्याशी, जानें किसका कटा ticket

सुजीत गुप्ता
15 Jan 2022 10:38 AM GMT
मथुरा की पांचों विधानसभा सीट पर BJP ने घोषित किये प्रत्याशी, जानें किसका कटा ticket
x

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने उम्मीदवारों की पहली, दूसरी सूची जारी कर दी है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित 105 उम्मीदवारों के नाम हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से चुनाव लड़ने जा रहे हैं तो उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सिराथू से टिकट दिया गया है। मथुरा की पांचों विधानसभा सीट पर दो मंत्री और एक वर्तमान विधायक को टिकट दिया है। इसके अलावा एक सिटिंग एमएलए का टिकट भी काटा गया है।

छाता से लक्ष्मी बने भाजपा प्रत्याशी

68 वर्षीय चौधरी लक्ष्मी नारायण प्रदेश की राजनीति में कद्दावर नेता माने जाते हैं। लक्ष्मी नारायण चौधरी राम प्रकाश गुप्त, कल्याण सिंह, राजनाथ सिंह, मायावती और योगी सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री रहे हैं। चार बार विधायक रहे लक्ष्मी नारायण इस बार फिर चुनाव मैदान में हैं।

ऊर्जा मंत्री लड़ेंगे मथुरा वृंदावन विधानसभा सीट से चुनाव

योगी सरकार में ऊर्जा मंत्री श्री कांत शर्मा एक बार फिर मथुरा वृंदावन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। 51 वर्षीय श्री कांत शर्मा भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति के चेहरा माने जाते हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी से पॉलिटिकल सांइंस से बीए कर चुके श्री कांत शर्मा भाजपा के मीडिया सेल के प्रभारी रहने के अलावा हिमाचल प्रदेश के प्रभारी और राष्ट्रीय सचिव भी रहे हैं। श्री कांत शर्मा को गृह मंत्री अमित शाह का नजदीकी माना जाता है।

मांट में श्याम सुंदर शर्मा का मुकाबला करेंगे राजेश चौधरी

छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति की शुरुआत करने वाले राजेश चौधरी शुरू से ही भाजपा में रहे हैं। वर्तमान में राजेश चौधरी की पत्नी सुमन चौधरी नौहझील से ब्लॉक प्रमुख हैं। 45 वर्षीय राजेश चौधरी वर्तमान में भाजपा के मीडिया पैन लिस्ट हैं और प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेद्र प्रधान के नजदीकी माने जाते हैं।

बलदेव से सिटिंग एमएलए को मिला टिकट

बलदेव सुरक्षित विधानसभा सीट से भाजपा ने एक बार फिर सिटिंग एमएलए को ही अपना प्रत्याशी बनाया है। 3 बार गोवर्धन और दो बार बलदेव से विधायक रहे पूरण प्रकाश दलित कोटे से आते हैं। पूरण प्रकाश पहले राष्ट्रीय लोकदल के सिपाही थे लेकिन 2017 में उन्होंने पाला बदला और कमल का फूल थाम लिया। पूरण प्रकाश के पिता मास्टर कन्हैया लाल भी पूर्व में विधायक रहे हैं।

गोवर्धन से कटा सिटिंग एमएलए का टिकट

गोवर्धन विधानसभा सीट से भाजपा ने वर्तमान विधायक कारिंदा सिंह का टिकट काटकर ठाकुर मेघ श्याम सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। मेघ श्याम सिंह पूर्व में कोआपरेटिव के चेयरमैन रहे हैं। वर्तमान विधायक ठाकुर कारिंदा सिंह की टिकट काटने के पीछे बजह भाजपा द्वारा कराए गए इंटरनल सर्वे में उनके परिणाम न आना माना जा रहा है।

ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश में सात चरणों में मतदान होना है। इसकी शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी। दूसरे चरण में 14 फरवरी को राज्य की 55 सीटों पर मतदान होगा। योगी आदित्यनाथ को अयोध्या सीट से चुनाव लड़ाने को लेकर चर्चा थी। पार्टी में इस पर चर्चा भी हुई थी और अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) पर छोड़ दिया गया था। योगी अभी विधानपरिषद के सदस्य हैं। वह पांच बार गोरखपुर से सांसद रह चुके हैं।

Next Story