राष्ट्रीय

भाजपा सांसद के बेटे मयंक सपा में शामिल, आजमगढ़ में अखिलेश ने किया ये एलान

सुजीत गुप्ता
5 March 2022 11:57 AM GMT
भाजपा सांसद के बेटे मयंक सपा में शामिल, आजमगढ़ में अखिलेश ने किया ये एलान
x

यूपी विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के मतदान से पहले शनिवार को भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के बेटे मयंक जोशी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। यह एलान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में किया। इस दौरान उन्होंने मयंक का मंच पर स्वागत किया और धन्यवाद दिया।

सपा प्रत्याशी के समर्थन में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के भगतपट्टी में शनिवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा का आयोजन किया गया था। जनसभा में भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक जोशी भी शामिल रहे। इस दौरान अखिलेश यादव ने उनके सपा में शामिल होने की घोषणा की।

इससे पहले अखिलेश यादव और मयंक जोशी के बीच मुलाकात हुई थी। जिसके बाद सियासी गलियारे में चर्चा तेज हो गई थी। रीता बहुगुणा जोशी ने भी अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इसे शिष्टाचार मुलाकात बताई थी। सांसद डॉ. रीता बहुगुणा अपने बेटे मयंक जोशी के लिए भाजपा से लखनऊ कैंट सीट से जब टिकट मांग रही थीं। उस समय सपा की ओर से मयंक को टिकट का ऑफर दिया गया था। तब सांसद रीता के कहने पर मयंक ने वह ऑफर ठुकरा दिया था।

मंच से अखिलेश यादव ने कहा कि मयंक के आने से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि जो लोग गर्मी निकाल रहे थे वे छह चरणों में ही ठंडे पड़ गए हैं, उनके घरों से झंडे उतार लिए गए। छठे चरण में ही समाजवादी पार्टी ने छक्के छुड़ा दिए हैं। ये बाबा मुख्यमंत्री अब नींद नहीं आ रही है।

इसके साथ ही पूर्व जिला पंचायत सदस्य शीला यादव ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही मयंक जोशी ने अखिलेश यादव से मुलाकात की थी जिसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि वह सपा में शामिल होंगे।

Next Story