Top Stories

संजय निषाद की पार्टी और अपना दल के साथ मिलकर लड़ेगी भाजपा चुनाव

Shiv Kumar Mishra
24 Sept 2021 5:38 PM IST
संजय निषाद की पार्टी और अपना दल के साथ मिलकर लड़ेगी भाजपा चुनाव
x

लखनऊ। आगामी विधान सभा चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा अपने सहयोगी अपना दल और निषाद पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। यूपी चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने आज इसका ऐलान किया। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव में अपना दल और निषाद पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा गठबंधन को 2022 के चुनाव में 2017 से भी ज्यादा सीटें मिलेंगी। सीटों के बंटवारे को लेकर धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अपना दल और निषाद पार्टी को सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में निषाद पार्टी और अपना दल के साथ सीटों का बंटवारा सम्मानजनक होगा। इसकी जानकारी आने वाले समय में दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ पर जनता का अटूट भरोसा है। प्रजातंत्र में विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी होती है। 2022 में यूपी की जीत महत्वपूर्ण है। सरकार व संगठन के काम और समन्वय के कारण हम जीतेंगे। हम सभी समाज और समुदाय को साथ लेकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते साढ़े चार वर्ष में जितनी तरक्की कर ली है वह अपने आप में एक मिसाल है।

होश स्टिंग ऑपरेशन में फंस चुके हैं संजय निषाद

उत्तर प्रदेश की सत्ता में भागीदारी के लिए भाजपा से गठबंधन करने के पहले निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद का सनसनीखेज वीडियो वायरल हुआ था। एक चैनल द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में वह यूपी विधान सभा चुनाव जीतने के लिए विरोधियों की हत्या कराने और थाना फुंकवा देने तक की बात करते सुनाई दिए थे। यही नहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा मुखिया अखिलेश यादव को अपना दुश्मन बताते हुए भाजपा में रहकर दोनों को मिटाने की बात भी कही थी। वीडियो में वह कहते नजर आ रहे थे कि हमसे बड़ा गुंडा कौन है। बंदूक-वंदूक चलवाएंगे। हमारे लोग तो वैसी ही थाना फूंकने वाले हैं। मारकर फेंक देंगे। फिर मुकदमा भी वापस करा लेंगे। हालांकि संजय निषाद ने इसे खारिज कर दिया था।

किसानों की आय दोगुनी करने को प्रतिबद्ध

प्रधान ने कहा कि हम किसानों की आय को दोगुनी करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, चाहे वह एमएसपी पर कृषि उत्पाद खरीदकर, जैविक खेती को बढ़ावा देने या कृषि विपणन बुनियादी ढांचे पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च करने के लिए हो। मुझे लगता है कि भारतीय जनता पार्टी पर किसानों खासकर छोटे किसानों का आशीर्वाद है।

पार्टी का विलय नहीं

संजय निषाद निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा कि पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी लेकिन पार्टी का विलय नहीं होगा। पार्टी अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी।

https://www.4pm.co.in/state/bjp-1204964

Next Story