Top Stories

कल शाम तक सीएम भूपेश बघेल दे सकते हैं इस्तीफा, कांग्रेस हाईकमान ले सकता है बड़ा फैसला

Shiv Kumar Mishra
19 Sep 2021 9:59 AM GMT
कल शाम तक सीएम भूपेश बघेल दे सकते हैं इस्तीफा, कांग्रेस हाईकमान ले सकता है बड़ा फैसला
x

पंजाब में उठे इस सियासी घमासान के बीच छत्तीसगढ़ में एक बार फिर सीएम भूपेश बघेल को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। सीएम भूपेश बघेल को उन्हीं की सरकार के वरिष्ठ मंत्री टीएस सिंहदेव ढाई ढाई साल के सीएम को लेकर चुनौती दे रहे हैं।

दरअसल यहां भी 16 जून 2021 के बाद मुख्यमंत्री बदले जाने की चर्चा जोरों पर है। कांग्रेस से जुड़े लोग ही यह कह रहे हैं कि यदि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री बदलने का निर्णय करना है तो हाईकमान एक-दो दिन में ही इसे भी कर देगा।

वहीं दूसरी तरफ मीडिया में भी खबरें आ रही है कि भूपेश बघेल कल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। साथ ही पार्टी हाईकमान तीन नामों पर चर्चा कर रही है जिनमें स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू इसके अलावा एक नाम पर संशय बना हुआ है।

दिल्ली के कांग्रेस नेताओं के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अभी भी ढाई साल के सीएम वाला मुद्दा खत्म नहीं हुआ है। राहुल गांधी के साथ हुई बैठक में कुछ दिन इंतजार करने कहा गया था, कोई स्थायी निर्णय नहीं लिया गया। इन नेताओं का कहना है कि दिल्ली से कुछ पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ भेजे जाएंगे। वे वहां जाकर सियासी हालात पर रिपोर्ट देंगे। इसके बाद कोई भी निर्णय संभव है।

बता दें करीब 3 सप्ताह पहले छत्तीसगढ में ढाई-ढाई साल के फार्मूले को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की थी।

पार्टी दोनों नेताओं के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश कर रही है पर विवाद सुलझता नहीं दिख रहा है। बैठक के बाद भी सिंहदेव की नाराजगी बरकरार है। करीब तीन घंटे तक चली इस बैठक के बाद पार्टी की तरफ से यह दिखाने की कोशिश की गई कि सबकुछ ठीक है।

इसके बाद अगले दिन बघेल विधायकों के साथ रायपुर लौट गए। इसी शाम सिंहदेव भी दिल्ली से लौटे और उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बात हाईकमान के सामने रखी है। वे हाईकमान के फैसले का इंतजार करेंगे।

अगले ही दिन उनका एक और बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कहा- ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला पार्टी के अंदर की बात थी। इस मुद्दे पर हाईकमान ने सभी पक्षकारों से बात की है। जल्द इस पर कोई फैसला आएगा।

कांग्रेस की जीत के बाद इस तरह शुरू हुआ विवाद

2018 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के साथ ही पार्टी में विवाद की शुरुआत हो गई थी। सीएम पद के लिए सीएम भूपेश बघेल, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और वरिष्ठ नेता चरणदास महंत प्रमुख दावेदार थे। लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने बघेल पर विश्वास जताया।

हालांकि इस दौरान ऐसी खबरें आईं कि बघेल और टीएस सिंह देव के बीच ढाई-ढाई साल के सीएम पद के फार्मूले पर सहमति बनी है। बीते दिनों जब भूपेश बघेल की सरकार ने ढाई साल का कार्यकाल पूरा किया तो एक बार फिर से ढाई-ढाई साल के फॉर्मूले वाली बातें सुर्खियों में आ गईं। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में 2023 में चुनाव होने हैं।

Next Story