राष्ट्रीय

UP के लिए कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी, प्रियंका ने बताया कैसे पूरा करेंगी 20 लाख नौकरियों का वादा

सुजीत गुप्ता
21 Jan 2022 7:28 AM GMT
UP के लिए कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी, प्रियंका ने बताया कैसे पूरा करेंगी 20 लाख नौकरियों का वादा
x

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए युवा घोषणा पत्र जारी कर दिया गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए इस घोषणा पत्र को ऐतिहासिक बताया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इस घोषणा पत्र को जारी किया। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं से बात करके ये घोषणा पत्र बनाया गया है। हम एक नया उत्तर प्रदेश बनाना चाहते हैं।

कांग्रेस का युवा घोषणा पत्र जारी करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि इस भर्ती विधान को बनाने के लिए हमारे कार्यकर्ताओं ने जिले-जिले जाकर युवाओं से बात की। उन चर्चाओं जो निकला उसी से ये भर्ती विधान बना है। इस घोषणा पत्र का नाम भर्ती विधान इसलिए दिया गया है क्योंकि इस वक्त उत्तर प्रदेश के युवाओं में भर्ती सबसे बड़ी समस्या है।

राहुल गांधी और प्रियंका की ओर से जारी मेनिफेस्टो में 20 लाख नौकरियां देने का वादा किया गया है। इनमें से 8 लाख नौकरियां महिलाओं को दी जाएंगी। इसके अलावा 1.5 लाख प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती का भी वादा किया गया है।

कांग्रेस ने युवाओं को नौकरी देने के लिए भर्ती विधान भी जारी किया है। राहुल गांधी ने कहा कि हमने बताया है कि कैसे हम लोगों को नौकरी देंगे। उन्होंने कहा कि यूपी में हर दिन करीब 880 युवा रोजगार खोते हैं। भाजपा शासन में यूपी में 16 लाख युवाओं ने नौकरियां गंवा दी हैं। स्टार्टअप्स के लिए 5000 करोड़ रुपये का फंड। इसके अलावा एक लाख प्रधानाध्यपकों की नियुक्ति की जाएगी।

कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में वादा किया है कि किसी भी नौकरी के लिए आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा परीक्षार्थियों के लिए रेल और बस यात्रा मुफ्त होगी। यूपी के लिए कांग्रेस ने यूथ मेनिफेस्टो जारी करते हुए कहा कि राज्य में सबसे अहम मुद्दा बेरोजगारी का ही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने अपने भर्ती विधान में बताया है कि कैसे भर्तियों में घोटाला खत्म करेंगे और किस तरह लोगों को रोजगार दिया जाएगा।

राज्य में सबसे अहम मुद्दा बेरोजगारी का ही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने अपने भर्ती विधान में बताया है कि कैसे भर्तियों में घोटाला खत्म करेंगे और किस तरह लोगों को रोजगार दिया जाएगा। हम अपनी सरकार बनने पर शिक्षा के बजट को बढ़ाएंगे। फ्री लाइब्रेरी, वाईफाई जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में प्लेसमेंट सेल्स का गठन किया जाएगा। हम पुलिस विभाग में एक लाख पदों को भरेंगे। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यूपी में नकारात्मक प्रचार खत्म हो और युवाओं पर फोकस किया जाए।

राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा को समर्थन करने वाले युवा भी आज मानते हैं कि कुछ तो गलत हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि हमें नया भारत बनाना है तो फिर उसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश से ही करनी होगी। राहुल गांधी ने कहा कि यूपी वह राज्य रहा है, जो अंग्रेजों के विरोध का गढ़ था। इसलिए आज भी देश के लिए विजन देने का काम यूपी से ही शुरू होगा। पीएम नरेंद्र मोदी का विजन फेल हो गया है। देश और यूपी को नया विजन छोटे राज्य नहीं बल्कि कांग्रेस ही दे सकती है।

यूपी में 20 लाख सरकारी नौकरियां कैसे दी जाएंगी? इस सवाल के जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि सूबे में 12 लाख सरकारी नौकरियों के पद खाली हैं। इसके अलावा हेल्थ और शिक्षा का बजट कम किया गया है। यदि उसमें इजाफा करके काम किया जाए तो फिर नए रोजगार का सृजन होगा। योगी सरकार की प्राथमिकताएं कुछ और रही हैं। इसलिए लोगों को रोजगार नहीं मिल सका।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में विभिन्न पदों पर रिक्तियों को भरा जाएगा, 'जॉब कैलेंडर' बनाया जाएगा जिसमें भर्ती प्रक्रिया की बारीकियां होंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर उत्तर प्रदेश में युवाओं के भविष्य नर्मिाण की योजनाओं पर काम होगा, हर साल युवा महोत्सव आयोजित होगा और स्थानीय खेलों को बढ़ावा दिया जाएग। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी समस्या रोजगार की है, युवा निराश हैं, उनकी समस्याओं का समाधान कैसे होगा, हमने यह 'विजन' दिया है।

चुनाव के बाद क्या किसी दूसरी पार्टी को समर्थन देंगी। इस सवाल के जवाब में प्रियंका ने कहा कि अगर ऐसी परिस्थिती आई तो हम जिस गठबंधन में शामिल होंगे उसमें हम चाहेंगे कि हमारे जो महिलाओं और युवाओं के लिए वादे हैं वो सरकार के एजेंडा में शामिल हो।

Next Story