Top Stories

MP में बुर्के पर बवाल का VIDEO: युवक संग स्कूटी पर बैठी थी युवती, भीड़ ने जबरन उतरवाया बुर्का, दो गिरफ्तार

Arun Mishra
17 Oct 2021 3:11 AM GMT
MP में बुर्के पर बवाल का VIDEO: युवक संग स्कूटी पर बैठी थी युवती, भीड़ ने जबरन उतरवाया बुर्का, दो गिरफ्तार
x
लोगों ने बुर्का उतारने के लिए मजबूर किया क्योंकि लोगों को शक था कि जिस लड़के की स्कूटी पर वह पीछे बैठी थी, वह हिंदू था.!!

भोपाल: समाज में सामुदायिक कड़वाहट इस कदर फैलती जा रही है कि सरेआम लोग किसी को भी बेइज्जत करने या प्रताड़ित करने से पीछे नहीं रह रहे. ऐसा ही वाकया हुआ मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में, जहां के इस्लाम नगर इलाके में शनिवार (16 अक्टूबर) की दोपहर एक लड़की को उसी समुदाय के लोगों ने बुर्का उतारने के लिए मजबूर किया क्योंकि लोगों को शक था कि जिस लड़के की स्कूटी पर वह पीछे बैठी थी, वह हिंदू था. इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है.

वीडियो में दिख रहा है कि समूह का एक व्यक्ति, जो वीडियो शूट कर रहा है, लड़की को यह कहते हुए सुना जाता है कि उसका कार्य स्पष्ट रूप से उसके समुदाय को अपमानित कर रहा है. वीडियो में ही कुछ महिलाएं जबरन उस लड़की को अपना चेहरा दिखाने के लिए मजबूर कर रही है. इस वाकये से दोनों पीड़ित अपमानित महसूस कर रहे हैं. युवती वीडियो में रोती हुई दिख रही है.

वीडियो में दिख रहा है कि पीड़ित युवती पहले बुर्का हटाने से इनकार करती है लेकिन उसके सहयात्री के समझाने पर वह सरेआम बुर्का उतारती है. इसके बाद लोग उसे हिजाब हटाकर चेहरा दिखाने को कह रहे हैं और उसकी वीडियो भी बना रहे हैं. शुरुआत में लड़की ने विरोध किया तो कुछ महिलाएं जबरन उसका चेहरा देखने की कोशिश करती हैं. हालांकि, वह अपने सहयात्री लड़के से सटकर अपना चेहरा छिपा लेती है.

हालांकि लड़का-लड़की किसी ने भी पुलिस से इसकी शिकायत नहीं की। वीडियो सामने आने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ईंटखेड़ी थाना प्रभारी सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि यह घटना इस्लाम नगर की है। यहां एक्टिवा सवार एक युवक शनिवार दोपहर करीब 11 से 1 बजे के बीच एक लड़की के साथ पहुंचा था। एक्टिवा पर फूलों की माला चढ़ी हुई थी, जबकि उसके साथ एक लड़की बुर्का पहने हुए थी। यह देख कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद यहां भीड़ जमा हो गई।

भीड़ ने वीडियो बनाते हुए लड़की से बुर्का उतारने की जिद करने लगे। लड़का-लड़की दोनों उनके सामने गिड़गिड़ाते रहे, बावजूद इसके लोगों ने उन्हें नहीं छोड़ा। मजबूरी में लड़के के कहने पर लड़की ने बुर्का उतारकर लोगों को दे दिया।

एसआई सुनील चतुर्वेदी ने बताया कि लड़का और लड़की ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी। वीडियो के आधार पर शोएब और अब्दुल माजिद नाम के युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की है।

Next Story