Top Stories

बिजली का खंभा लगाते समय उतरा करंट,एक कर्मचारी की मौत, छह घायल,

Anshika
21 Aug 2023 11:00 AM GMT
बिजली का खंभा लगाते समय उतरा करंट,एक कर्मचारी की मौत, छह घायल,
x
अन्य घायलों को नजदीक के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।

सेक्टर-24 स्थित ईएसआई अस्पताल के सामने रविवार देर शाम बिजली का खंभा लगाते समय करंट की चपेट में आकर सात कर्मचारी झुलस गए। इसमें बिजली का काम करने वाले एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को नजदीक के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।

एसीपी सुशील गंगा प्रसाद ने बताया कि रविवार को शाम छह बजकर 45 मिनट पर ईएसआई अस्पताल के बाहर ठेकेदारी में सात लोग स्ट्रीट लाइट के खंभे सड़क पर लगा रहे थे। इस दौरान ऊपर से जा रही 11 हजार केवी की लाइन की चपेट में सभी सात लोग आ गए। बिहार के अररिया के 25 वर्षीय दिलकश राजा की मौके पर ही मौत हो गई। वह ठेकेदार के अंडर में काम करता था।विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि खंभा लगाने का काम प्राधिकरण के ठेकेदार की ओर से किया जा रहा था। इसके लिए उन्होंने शटडाउन नहीं लिया था।

राहगीरों से सूचना मिलते ही एसीपी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा। सड़क के दोनों तरफ लोग जमा हो गए। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को मौके से हटाया। प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से झुलसे आदिल, मूसा, अब्दुल करीम अंसारी, अफरोज, नसीर और मुश्ताक को घर भेज दिया गया।

विद्युत निगम के एसडीओ विक्रांत कुमार का कहना है कि संबंधित काम के लिए प्राधिकरण की ओर से कोई शटडाउन नहीं मांगा गया था। इस बारे में जब प्राधिकरण की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं आया है। मृतक के भाई यासीन अंसारी की तहरीर पर सविता इलेक्ट्रॉनिक कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार संजय गोयल, सुपरवाइजर शहबान, पेटी ठेकेदार मोहम्मद फिरोज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पहले भी हुए ऐसे हादसे

30 जून 2023 चिपियाना स्थित साईं गार्डन निवासी संविदा कर्मचारी रवि कुमार की करंट लगने से मौत हुई।

29 जुलाई 2023 ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में करंट की चपेट में आने से 80 वर्ष की बुजुर्ग महिला की जान गई।

24 जून 2023 दनकौर के मुंझखेड़ा गांव में लाइनमैन अशोक की करंट लगने से जान गई।

18 मई 2023 दादरी में काम करते समय भोगपुर गांव निवासी लाइनमैन विशाल कुमार की करंट से मौत हुई।

7 दिसंबर 2022 नोएडा सेक्टर-58 में लाइनमैन शेर सिंह ने करंट लगने से दम तोड़ा।

Next Story