
- Home
- /
- Top Stories
- /
- बहुत स्पेशल थी धनुष...
बहुत स्पेशल थी धनुष और ऐश्वर्या रजनीकांत की लव स्टोरी, फिल्मों ने ही मिलाया था

New Delhi, Jan 18: साउथ सुपरस्टार धनुष ने अपनी पत्नी से अलगाव की खबर देकर आज सबको हैरान कर दिया । 18 साल से ज्यादा समय से एक दूसरे को जानने वाले धनुष और ऐश्वर्या साउथ के पॉवर कपल कहे जाते थे । लेकिन अब ये दोनों साथ नहीं हैं । एक्टर धनुष ने अपने रिश्ते के टूटने की खबर सोशल मीडिया के जरिए दी है । धनुष और ऐश्वर्या के अचानक डाइवोर्स की खबर से हर कोई शॉक्ड है, वो अलग बात है कि बीते कुछ सालों में अकसर इनके अलगाव की अफवाहें आती रहती थीं । बहरहाल, रिश्ता खत्म होने के साथ ही वो खबरें भी सुर्खियों में हैं जब ये दोनों एक दूसरे के प्यार में थे और इनके इश्क के चर्चे हो रहे थे ।
फिल्मी थी पहली मुलाकात
साउथ फिल्मों के फेमस डायरेक्टर और प्रोड्यूसर कस्तूरी राजा के बेटे धनुष और सुपरस्टार रजनीकांत की बड़ी बेटी ऐश्वर्या की पहली मुलाकात काफी फिल्मी थी । दोनों की पहली मुलाकात धनुष की फिल्म काढल कोंडे के रिलीज के समय हुई थी । धनुष अपनी फैमिली के साथ सिनेमघर गए थे, वहां रजनीकांत की बेटियां भी मौजूद थीं । बताया जाता है कि थिएटर मालिक ने ही पहली बार ऐश्वर्या रजनीकांत को धनुष से मिलवाया था । इसके बाद ऐश्वर्या ने धनुष को फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस के लिए बधाई दी । बताते हैं कि अगले दिन ऐश्वर्या ने धनुष को फूलों का गुलदस्ता भेजकर उन्हें एक खास नोट लिखा था । धनुष को ऐश्वर्या का ये अंदाज पसंद आया ।
जब परिवार को लगी खबर
हालांकि दोनों के बीच प्यार जैसा कुछ नहीं था लेकिन इन्हें एक दूसरे का साथ पसंद आने लगा था । कुछ समय बाद ही ऐश्वर्या रजनीकांत और धनुष के अफेयर की खबरें सुर्खियों में आ गईं । जब ये बातें उनके परिवारवालों को पता चलीं तो उन्हें भी लगा कि वो दोनों एक दूसरे के लिए अच्छे लाइफ पार्टनर साबित हो सकते हैं । इसके बाद दोनों की फैमिलीज ने उनकी मुलाकात कराई, धनुष को भी अब तक ऐश्वर्या का स्वीट नेचर और मैच्योरिटी पसंद आने लगी थी । 2004 में दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया ।
बड़ी हैं ऐश्वर्या
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जब धनुष और ऐश्वर्या ने शादी करने का फैसला किया था, तो कुछ लोगों को उनकी जोड़ी मिसमैच लगती थी । ऐसा इसलिए क्योंकि ऐश्वर्या धनुष से 2 साल बड़ी हैं । एक इंटरव्यू में ऐश्वर्या रजनीकांत ने धनुष संग अपने रिश्ते के बारे में कहा था- हमारे रिश्ते की सबसे खूबसूरत बात यह है कि हम दोनों एक दूसरे को काफी स्पेस देते हैं । साथ रहने के लिए हमने कभी एक दूसरे को बदलने की कोशिश नहीं की । बहरहाल, इसमें कोई दोराय नहीं है कि दोनों ने एक दूसरे को बहुत प्यार दिया । इस कपल के दो बेटे भी हैं । लेकिन शादी हमेशा एक जैसी नहीं रहती । 18 साल बाद दोनों की इस खूबसूरत लव स्टोरी का अंत हो गया है। फैंस दुखी हैं ।




