Top Stories

यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत, भारत ने लिया बड़ा एक्शन

सुजीत गुप्ता
1 March 2022 10:37 AM GMT
यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत, भारत ने लिया बड़ा एक्शन
x

रूस और यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का सीधा असर भारत पर भी दिखने लगा है। यूक्रेन में छिड़ी जंग में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। मृतक छात्र की पहचान कर्नाटक के रहने वाले नवीन के तौर पर हुई है। नवीन के दोस्तों का कहना है कि यह घटना तब हुई, जब वे ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे ताकि वह पश्चिमी सीमा पर पहुंच सकें। भारतीय छात्रों की ओर से दूतावास से मदद की गुहार लगाई गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची की ओर से भी छात्र की मौत की पुष्टि की गई है। अरिंदम ने ट्वीट कर कहा, 'हम बेहद दुख के साथ इस बात की पुष्टि करते हैं कि एक भारतीय छात्र को खारकीव में आज सुबह गोलीबारी में अपनी जान गंवानी पड़ी है। मंत्रालय मृतक छात्र के परिवार के संपर्क में है।'

भारतीय छात्र की यूक्रेन में मौत पर विदेश मंत्रालय का रूस और यूक्रेन के राजदूत को समन। बता दें कि युद्ध प्रभावित यूक्रेन के खारकीव शहर में मंगलवार सुबह गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी। मंत्रालय ने ट्वीट किया, "अत्यंत दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खारकीव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई।" मंत्रालय ने कहा कि वह छात्र के परिवार के संपर्क में है। इसने कहा, "हम परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"

जानकारों का कहना है कि आज रात यूक्रेन पर बड़ा हमला हो सकता है। कीव को रूसी सैनिकों ने चारों तरफ घेर रखा है। इसीलिए भारतीय दूतावास ने भी अपने नागरिकों को अलर्ट कर दिया है। कीव ने स्पष्ट कहा है कि लोग निकल जाएं वरना आगे की स्थिति के लिए रूस या यूक्रेन जिम्मेदार नहीं होगा।

यूक्रेन में एक भारतीय छात्र की मौत होने के बाद सरकारी सूत्रों ने कहा है कि यूक्रेन से 9000 से ज्यादा नागरिकों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है और वहां फंसे बड़ी संख्या में छात्र अब सुरक्षित इलाकों में हैं। हम अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए अपने प्रयास जारी रखेंगे। सूत्रों ने कहा कि रूस और यूक्रेन ने तुरंत सुरक्षित निकासी की हमारी जरूरत पर उत्तर दिया है। उन स्थानों से हम अपने नागरिकों को निकालने में सफल रहे हैं जहां संघर्ष से गतिविधियों पर खतरा नहीं है।

विदेश मंत्री जयशंकर ने सांसदों को दिए निर्देश

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सांसदों से कहा है कि यूक्रेन में फंसे भारतीयों के बारे में जानकारी साझा करने के लिए हमारे कार्यालय से सीधे संपर्क करें। इसके साथ ही उन्होंने ई-मेल आईडी और व्हाट्सएप नंबर भी साझा किए जिन पर सांसद जानकारी साझा कर सकते हैं।

Next Story