Top Stories

अमरोहा में प्रेमी युगल ने की आत्महत्या, घर में मचा कोहराम

सुजीत गुप्ता
20 May 2022 5:47 AM GMT
अमरोहा में प्रेमी युगल ने की आत्महत्या, घर में मचा कोहराम
x

अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र के सुल्तानढेर में शुक्रवार सुबह एक प्रेमी युगल ने पेड़ पर लटक कर सुसाइड कर लिया है। सुल्तानढेर गांव के निवासी जीतपाल का अपने ही गांव की रहने वाली युवती चंद्रवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की सुबह दोनों प्रेमी-प्रेमिका का शव गांव में ही एक पेड़ पर लटका मिला। इसकी जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी घटनास्थल पर आ गई। इसके बाद दोनों के शवों को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

गांव निवासी प्रेमी जीतपाल की शादी लगभग 22 दिन पहले जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के गांव नयागांव निवासी कुसुम के साथ हुई थी। बताया जा रहा कि गुरुवार की रात जीतपाल अपने ससुराल से घर आया था। इसके बाद प्रेमिका के घर गया। वहां से उसे बाइक पर बैठाकर ले गया। तभी से दोनों वापस घर नहीं लौटे। अगली सुबह दोनों का शव लटकता मिला।

ग्रामीण इस घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि दोनों का कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन शादी कराने के लिए तैयार थे, लेकिन प्रेमी जीतपाल का परिवार शादी के खिलाफ था। युवक के घर वालों ने बीते अप्रैल माह की 27 तारीख को जीतपाल का विवाह किसी अन्य युवती से करा दिया। इसी के बाद से ही चंद्रवती नाराज चल रही थी।

गजरौला थाना प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि गांव सुल्तानढेर में दो लोगों का शव लटका मिला है। घटनास्थल पर जाकर पता चला कि प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली है। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।


सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story