Top Stories

जिस थाना क्षेत्र में मनीष गुप्ता का मर्डर, अब वहीं दुसरे मनीष की पीट-पीटकर हत्या, गुंडे सीसीटीवी में कैद

जिस थाना क्षेत्र में मनीष गुप्ता का मर्डर, अब वहीं दुसरे मनीष की पीट-पीटकर हत्या, गुंडे सीसीटीवी में कैद
x

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में गुरुवार को एक और युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। कानपुर के प्रॉपर्टी डीलर मनीष गुप्ता हत्याकांड के 72 घंटे के भीतर उसी थाना इलाके के अंतर्गत एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आ गई। जिस रामगढ़ताल थाने की पुलिस ने कथित तौर पर मनीष गुप्ता को पीटकर मारा डाला, उसी थाने से महज 200 मीटर दूर स्थित अब मॉडल शॉप कर्मचारी की मनबढ़ों ने पीटकर हत्या कर डाली। वहीं एक अन्य शख्स को गंभीर रुप से घायल कर दिया है।


कर्मचारी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने उन्हें फ्री में शराब देने से मना कर दिया। इस बात से आग बबूला हुए हिस्ट्रीशीटर के भाई और साथियों ने उसकी हॉकी और डंडों से बुरी तरह पिटाई कर दी। कर्मचारी को छुड़ाने गए उसके साथी को भी बुरी तरह से घायल कर दिया।

हमलावरों के फरार होने पर घायल दोनों कर्मचारियों को इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल में ले जाया गया। हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में ही एक कर्मचारी की मौत हो गई। एक कर्मचारी का इलाज चल रहा है।

पिटाई करने वाले आरोपितों की तस्वीर भी सीसीटीवी में कैद हो गई है। महराजगंज के रहने वाले नागेंद्र प्रताप सिंह का रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में वरदायिनी के पास मॉडल शॉप है। उनके बेटे मनीष सिंह इसका संचालन करते हैं। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के पनगढ़ी निवसी श्रवण प्रजापति का 23 साल का बेटा मनीष प्रजापति मॉडल शॉप पर कैंटीन कर्मचारी के रूप में काम करता था।

उधर, आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुट गई है। इंस्पेक्टर रामगढ़ताल केके राणा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Next Story