Top Stories

बालू खनन की बात सुनते ही मंत्री जितिन प्रसाद का पारा चढ़ा, तो अफसरों को दे दिए ये निर्देश

बालू खनन की बात सुनते ही मंत्री जितिन प्रसाद का पारा चढ़ा, तो अफसरों को दे दिए ये निर्देश
x

योगी सरकार के मंत्री अब जनता के बीच जाकर उसकी समस्याओं के समाधान को शिद्दत से जुट गए हैं। वे किसी चौपाल में गांव वालों के साथ बैठ रहे हैं तो कहीं सरकारी महकमों का औचक निरीक्षण कर खामियों को उजागर कर अधिकारियों से जवाब तलब कर रहे हैं। इस अभियान के जरिए योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और कानपुर के प्रभारी जितिन प्रसाद दोपहर 12 बजे चौबेपुर के मरियानी गांव फ्लीट पहुंची थी।

उनके साथ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, मयंकेश्वर सिंह, सांसद अशोक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण व विधायक राहुल बच्चा सोनकर भी स्कूल परिसर में बने मंच पर पहुंचे। मंत्रियों ने ग्रामीणों का हाथ जोड़ कर अभिवादन किया। जन चौपाल में कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद का पारा तब चढ़ गया जब ग्रामीणों ने मिट्टी और बालू खनन का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। कुछ लोगों ने यहां तक कह दिया कि पुलिस-प्रशासन और माफिया के गठबंधन से ही खनन जारी है। इस पर कैबिनेट मंत्री सीधे अफसरों से मुखातिब हुए और कहा-माफिया को चिह्नित कर उनके घरों पर बुलडोजर चलवा दें।

वही ब्लॉक के अधिकारियों ने गांव का ब्योरा देना शुरू किया। बीच में ही उन्हें कैबिनेट मंत्री ने रोक दिया। उन्होंने कहा, कि जनता से संवाद करने आया हूं। इतना कहते ही ग्रामीणों ने एक के बाद एक समस्याओं का पिटारा खोल दिया। भीड़ आगे बढ़ने लगी तो मौके की नजाकत भांप जिलाधिकारी नेहा शर्मा बीच में आकर सभी के शिकायती पत्र लेने लगीं। तभी भीड़ में खड़े सोनू ने कहा-मिट्टी और बालू खनन नहीं रुक रहा। सब कुछ मिलीभगत से चल रहा है। जितिन प्रसाद ने अफसरों से दो टूक कहा-ऐसे माफिया पर बुलडोजर चलवाएं।

गांव की ऊषा देवी ने बताया कि उन्हें पेंशन नहीं मिल रही है। सुशील तिवारी ने कहा कि अब तक घर नहीं मिला है। सुशील तिवारी ने कहा कि लेखपाल वरासत (गाटा नंबर नहीं बदल रहा) दर्ज नहीं कर रहे। लेखपाल, कानून गो के अलावा तहसील से जुड़ी सबसे अधिक 51 शिकायतें आईं। इनको सुनने के बाद जितिन प्रसाद ने डीएम से कहा कि सभी शिकायतों की सूची बनाएं। हर एक का निस्तारण करके सांसद व विधायक को अवगत भी कराएं। जन शिकायतों को नजरंदाज न करें।

जितिन प्रसाद ने डीएम और पुलिस अफसरों से कहा कि भाजपा शासनकाल में जनता मालिक है। जनता का उत्पीड़न और कार्यकर्ताओं का अपमान सहन नहीं होगा। कार्यकर्ता भी जान लें कि अनुशासित रहकर समस्याओं का समाधान कराएं। हर वंचित तक लाभ पहुंचे, इस फॉर्मूले पर सीएम और भाजपा काम कर रही है। ग्राम प्रधान अरविंद यादव, प्रमोद सिंह ने माला पहना कर स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री जब लोगों को संबोधित कर रहे थे तो दो बार माइक बंद हो गया। दूसरी बार जैसे ही आवाज बंद हुई तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा- माइक वाला सपाई होगा या बसपाई। इसी कारण माइक बार-बार बंद कर रहा है।

जितिन प्रसाद के मरियानी गांव के दौरे की जानकारी होने पर अफसरों ने दो दिन के भीतर गांव की तस्वीर ही बदल दी। कैबिनेट मंत्री मंच से बोले क्या देखूं, साफ तौर पर दिख रहा है कि स्कूल में रंगरोगन एक दिन पहले ही हुआ है। गांव की गलियां भी साफ हो गई होंगी। इसी तरह लगातार गांवों में काम समय पर होता रहे तो समस्या ही समाप्त हो जाएगी।



सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story