राष्ट्रीय

करहल में बेटे के लिए मुलायम सिंह ने जाने कैसे मांगे वोट

सुजीत गुप्ता
17 Feb 2022 9:49 AM GMT
करहल में बेटे के लिए मुलायम सिंह ने जाने कैसे मांगे वोट
x

सपा संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने इस विधानसभा चुनाव में पहली बार अपने बेटे अखिलेश यादव के लिए चुनावी प्रचार किया है। उन्होंने मैनपुरी के करहल में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस देश को किसान, व्यापारी और नौजवानों ही मजबूत करेंगे। इन तीनों की उम्मीदों को समाजवादी पार्टी पूरा करेगी। सपा की नीतियां स्पष्ट हैं। मुलायम सिंह यादव ने जनता से अपील करते हुए कहा कि करहल से अखिलेश यादव को भारी वोटों से जिताने का काम करें।

मुलायम सिंह यादव ने करीब 15 मिनट भाषण के दौरान किसान, व्यापारी और नौजवान का ही जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर किसानों के लिए खाद और बीज का इंतजाम किया जाएगा। सिंचाई के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे। पैदावार बढ़ेगी तो किसानों की हालत सुधरेगी। नौजवानों को नौकरी मिलेगी। मैं विश्वास दिलाता हूं कि नौजवानों को नौकरी का इंतजाम किया जाएगा। व्यापारियों को सुविधा दी जाएगी, जिससे वह किसान की फसल को खरीद सकेंगे।

सभा में जुटी भीड़ को देख गदगद मुलायम सिंह ने कहा कि आज यहां लाखों लोग बड़ी उम्‍मीद से आए हैं। वे सोचते होंगे कि मुलायम सिंह क्‍या कहेंगे। हम कहना चाहते हैं कि आपको निराश नहीं करेंगे। इतनी भीड़ आई है कि मेरी जिम्‍मेदारी बढ़ गई है। आपकी उम्‍मीदों को सपा ही पूरा करेगी। सपा संरक्षक ने कहा कि किसान और नौजवान हमारे साथ हैं। मैंने उम्मीद नहीं की थी कि इतनी भीड़ होगी। इससे साबित हो रही है कि जनता क्या चाहती है। सभा में मौजूद नौजवानों को खासतौर पर सम्‍बोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा कि इन नौजवानों को नौकरी दें। नौकरी नहीं तो रोजगार करने के लिए मदद की जाए। नौजवान आगे बढ़ेगा।

मुलायम सिंह यादव ने अपने भाषण में कई बार किसान, व्‍यापारी और नौजवान का जिक्र किया। उन्‍होंने जोर देकर कहा-नोट कर लो्...याद रखना...किसान, व्‍यापारी और नौजवान। ये तीनों मिलकर ही देश को मजबूत बनाएंगे। उन्‍होंने कहा कि देश में किसान परेशान है। उसकी पैदावार बढ़ाने के उपाय होने चाहिए। उसे खाद-बीज और अन्‍य सुविधाएं मिलनी चाहिए। उसकी मदद की जानी चाहिए। व्‍यापारियों की मदद की जानी चाहिए। व्‍यापारी मजबूत होगा तो किसान की पैदावार की खरीद करेगा। किसान भी खुशहाल होगा। किसान, व्‍यापारी और नौजवान ये तीनों देश को आगे ले जाएंगे।

नौजवान खड़ा होगा तो पार्टी मजबूत होगी

मुलायम सिंह ने कहा कि मुझे खुशी हो रही है कि आज की सभा में नौजवानों की तादाद ज्‍यादा है। नौजवान खड़ा होगा तो पार्टी मजबूत होगी। देश के सामने आज चुनौती है। आज अमेरिका क्‍या कर रहा है। दूसरे देश क्‍या कर रहे हैं। आज दूसरे देशों की निगाहें समाजवादी पार्टी और भारत देश की ओर हैं। आज सबसे ज्यादा तादात समाजवादी के लोगों की है। यह मेरी अपील है सभी साथियों से कि हम सभी की उम्मीदों को पूरा करेंगे। आपकी उम्मीदों को समाजवादी पार्टी पूरी करेगी।

सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story