Top Stories

मार्च 2025 तक राज्य के हर घर स्मार्ट मीटर से लैस होगा- नीतीश

सुजीत गुप्ता
16 Dec 2021 7:37 AM GMT
मार्च 2025 तक राज्य के हर घर स्मार्ट मीटर से लैस होगा- नीतीश
x

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऊर्जा प्रक्षेत्र की 3452.11 करोड़ रुपये की लागत वाली योजनाओं का शिलान्यास,उद्घाटन,लोकार्पण और स्मार्ट प्रीपेड मीटर की राज्यव्यापी योजना की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने COVID संक्रमण काल में भी लगातार कार्य करने पर विद्युत कर्मियों को धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा विभाग ने काफी सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए ऊर्जा विभाग के लोगों को बधाई देता हूं। स्मार्ट प्रीपेड मीटर के क्षेत्र में विभाग ने उत्कृष्ट कार्य किया है। आज स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने से सभी उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इस मीटर से उपभोक्ताओं को कोई नुक्सान नहीं है। राज्य में पांच चरणों में स्मार्ट मीटर लगाया जाएगा।अब तक राज्य में तीन लाख से अधिक लोगों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाया जा चुका है। मार्च 2025 तक राज्य के हर घर स्मार्ट मीटर से लैस होगा।


उन्होंने कहा कि अब उपभोक्ता 19 केवी से ज्यादा वाले उपभोक्ता भी आज से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले के वनिस्पत बिजली की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। आज बिहार में 6700 मेगावाट की खपत हो रही है जबकि 2005 तक 700 मेगावाट ही बिजली खपत होती थी।

मुख्यमंत्री ने नॉर्थ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की 23.45 करोड़, बिहार स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन की 1691.45 करोड़ और ब्रेडा की 1011.95 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने साउथ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 60.04 करोड़, नॉर्थ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 266.42 करोड़, बिहार स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के 367.97 करोड़ और बिहार स्टेट पॉवर होल्डिंग कंपनी के 30.83 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। शहरी क्षेत्र में संचालित स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना को गति देने के लिए 1557 करोड़ और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 11100 करोड़ की योजना की शुरुआत की।


ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि राज्य में विद्युत सुधार की अविस्मरणीय यात्रा में माननीय मुख्यमंत्री जी ने अपना सतत समर्थन एवं मार्गदर्शन दिया है। मंत्री ने विद्युत कंपनियों के अधिकारियों एवं कर्मियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी एवं भविष्य में नए लक्ष्यों के प्राप्ति हेतु उनका मनोबल बढ़ाया।

बिहार के स्मार्ट मीटर की देश में काफी चर्चा है। हम स्मार्ट मीटर लगाने का काम निर्धारित समय से पहले कर लेगें। स्मार्ट प्रीपेड मीटर की व्यवस्था करने वाला बिहार पहला राज्य है। शहरी क्षेत्र की योजना तो आज से ढाई वर्ष पूर्व ही प्रारंभ कर दी गई थी। अक्टूबर 2021 में ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी स्वीकृत कर दी गई।


कार्यक्रम के दौरान राजव्यापी स्मार्ट प्रीपेड मीटर के अधिष्ठापन योजना पर एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।

ऊर्जा सचिव संजीव हंस ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा निर्देश में ऊर्जा विभाग नई उचाईयों को छू रहा है। बिहार ऊर्जा के क्षेत्र में अव्वल है। हर घर बिजली में जर्जर तार को बदलने का काम किया जा चुका है। BSPHCL ने बिहार में संचरण और वितरण की व्यवस्था सुधारने के साथ साथ आधारभूत संरचनाओं को दुरुस्त किया गया है। सुविधा एप के जरिए बिजली उपभोक्ताओं ने काफी फायदा उठाया है। कंपनी ने किसान भाइयों को कृषि कार्य के लिए अलग कृषि फीडर लगा रहें है।

अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में भी बिहार ने उल्लेखनीय कार्य किया है। ऊर्जा सचिव ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि समय समय पर दिशा निर्देश प्राप्त होने के अनुकूल ऊर्जा विभाग कार्य करता रहा है। राज्य में संचरण एवं वितरण व्यवस्था में सीएम द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गुणवत्ता एवं समय सीमा के अंदर आधारभूत संरचना में अभूतपूर्व विकास हुआ। साथ ही उत्पादन के क्षेत्र में लिए गए नीतिगत निर्णय के बाद होल्डिंग कंपनी अब अपने घाटे को कम करने एवं उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा देने पर कार्य कर रहा है।


हर घर बिजली एवं रिकंडक्टरिंग के कार्य के साथ साथ कृषि फीडरों को अलग करने पर कार्य किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, विधायक श्री ललन पासवान, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सामान्य विभाग के प्रधान सचिव चंचल कुमार, विकास आयुक्त आमिर सुहानी, स्वस्थ्य विभाग के अपर मुख्यसचिव प्रत्यय अमृत,ऊर्जा सचिव संजीव हंस, नॉर्थ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी संदीप कुमार आर पुड्डकलकट्टी, साउथ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन के एमडी संजीवन सिन्हा और ब्रेडा के निदेशक आलोक कुमार उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन संदीप कुमार आर पुड्डकलकट्टी ने किया।

Next Story