राष्ट्रीय

कुशीनगर से सीधे लुम्‍ब‍िनी पहंचेंगे PM मोदी, जानें पूरा कार्यक्रम

सुजीत गुप्ता
9 May 2022 11:39 AM GMT
कुशीनगर से सीधे लुम्‍ब‍िनी पहंचेंगे PM मोदी, जानें पूरा कार्यक्रम
x

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 16 मई को नेपाल आगमन को लेकर लुंबिनी में चहल-पहल बढऩे लगी है। मोदी 2566वीं बुद्ध जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने हेलीकाप्टर से लुंबिनी आ रहे हैं। उनकी लैडिंग के लिए चार हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर लुम्बिनी में तैयारियां जोरों पर है। नेपाली सेना व पीएम के विशेष सुरक्षाकर्मी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। लुम्बिनी में चार लेयर में सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं। सबसे बाहर नेपाल पुलिस, फिर नेपाल आर्म्स और फिर नेपाली सेना रहेगी। चौथे लेयर में भारतीय प्रोटेक्शन गार्ड रहेंगे। नेपाल गृह मंत्रालय करीब एक हजार सुरक्षा जवानों की लुम्बिनी में तैनाती कर रहा है। इसके अलावा मोदी की सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री के काफिले में दो बख्तरबंद बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज सेडान, छह बीएमडब्ल्यू एक्स 5 और एक मर्सिडीज बेंज के साथ एम्बुलेंस सहित एक दर्जन से अधिक वाहन भारत से नेपाल पहुंचेंगे। एक टाटा सफारी जैमर भी काफिले के साथ होगा जो हेलीपैड से प्रधानमंत्री मोदी के साथ रहेगा।

पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर अभी से भारत और नेपाल मे अलर्ट हो गया है। भारतीय और नेपाली खुफिया विभाग अभी से लग गए हैं। लुम्बिनी एरिया के सभी मठों के कर्मचारियों का डिटेल लेने के साथ एक-एक चीज पर बारीक नजर रखी जा रही है।

लुंबिनी विकास कोष के कोषाध्यक्ष धुंडी राज भट्टराई ने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की खबर से पूरा लुंबिनी व नेपाल खुश है। सदस्य सचिव सनुराजा शाक्य ने बताया कि बुद्ध जयंती का औपचारिक कार्यक्रम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी में 16 से 20 मई तक होगा। शाक्य ने कहा कि इसके लिए संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री प्रेम बहादुर के समन्वय में एक मुख्य कार्य समिति का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा बुद्ध जयंती के अवसर पर लुंबिनी में 5,000 क्षमता वाले अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन और ध्यान केंद्र हॉल का उद्घाटन करेंगे।

भगवान बुद्ध की 2566 जयंती को लेकर रविवार की दोपहर लुंबिनी विकास कोष ने मीडिया से बातचीत की। बताया गया कि लुंबिनी में बुद्ध जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। कहा गया कि बुद्ध जयंती, वैशाख दिवस और लुंबिनी दिवस बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण के दिन भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसमें नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

16 मई को रामग्राम देवदाहा में विशेष कार्यक्रम एवं दीप प्रज्ज्वलन का आयोजन किया जा रहा है। रामग्राम नवलपरासी में 16 मई की शाम 4 बजे से बौद्ध प्रवचन और दीप प्रज्ज्वलन से संबंधित कार्यक्रम और रामग्राम नगर पालिका द्वारा अन्नदान कार्यक्रम है। 16 मई को सुबह 6 बजे मायादेवी परिसर में बुद्ध पूजा और परित्राण पथ, सुबह 7 बजे मायादेवी परिसर से शांति दीप तक शोभा यात्रा, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन और ध्यान हॉल का उद्घाटन प्रधानमंत्री सुबह 9 बजे करेंगे। ईष्ट मठ क्षेत्र के कंबोडिया मठ और ईष्ट तालाब में सुबह 10 बजे से, दोपहर 2 बजे अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन और ध्यान हॉल में भोजन दान किया जाएगा।

भारत व नेपाल के बीच 1750 किलोमीटर की खुली सीमा है। महराजगंज से सटे नेपाल सीमा 65 किलोमीटर जुड़ी हुई है। सीमा पर पाबंदी न होने के चलते सामान्य ढंग से से लोग आते-जाते हैं। महराजगंज जिले से लगे नेपाल के रुपंदेही व नवलपरासी के लोगों ने बड़ी संख्या में अपने बेटे-बेटियों की शादी भारत के महराजगंज व सिद्धार्थनगर जिले में की है। ऐसे में दोनों देशों के लोग पीएम मोदी के आगमन को लेकर उत्साहित हैं। उनका कहना है कि भारतीय पीएम के नेपाल दौरे से वहां के रिश्तों में नया आयाम मिलेगा।

लुंबिनी के मेयर मनमोह चौधरी बताते हैं कि भारतीय पीएम का लुंबिनी दौरा अपने आप में ऐतिहासिक है। इससे दोनों देशों के संबंधों में और जुड़ाव होगा। लुंबिनी विकास कोष के उपाध्यक्ष भिक्षु मित्तये भी मोदी के आगमन को दोनों देशों के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण मानते हैं। नवलपरासी के सांसद देवेंद्र राज कंडेल ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लुंबिनी दौरा अपने आप में महत्वपूर्ण है। निश्चित रूप से दोनों देशों में और बेहतर संबंध स्थापित होंगा।

Next Story