Top Stories

स्वर्ण व्यवसायी के घर में डकैती, 50 लाख रुपए संपत्ति की लूट

सुजीत गुप्ता
5 Dec 2021 12:06 PM GMT
स्वर्ण व्यवसायी के घर में डकैती, 50 लाख रुपए संपत्ति की लूट
x

बेगूसराय। बेगूसराय में रविवार को सुबह-सुबह नगर थाना क्षेत्र में नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने आभूषण और कपड़ा व्यवसायी के घर डाका डाला। इसमें करीब 50 लाख रुपए संपत्ति की लूट की ली। घटना रतनपुर ओपी क्षेत्र के हीरालाल चौक स्थित मियांचक वार्ड संख्या-34 की है।

डकैती का विरोध करने पर डकैतों ने घर के लोगों को बंधक बनाकर उनके मुंह पर टेप चिपका दिया और उनके साथ मारपीट भी की। वहीं, एक युवक को चाकू गोद कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान कपिलेश्वर मंडल के पुत्र राजीव रंजन मंडल (28) के रूप में हुई। वहीं, मारपीट के कारण परिवार के सदस्य कपिलेश्वर मंडल, संध्या मंडल, शांति मंडल, कुमारी अनिता सहित आठ लोग घायल हो गए हैं।

पीड़ितों ने बताया, 'आज सुबह अचानक 6 लोग हथियार के साथ घर में घुस गए। सभी ने अपने चेहरे को ढंक रखा था। बदमाशों ने घर में घुसते ही सबसे पहले परिवार के सभी लोगों का मुंह बांध दिया। इसके बाद सभी रूम में लूटपाट की। तिजोरी का ताला तोड़कर सामान निकालने लगा। जब इसका विरोध किया गया तो पहले पिस्टल के बट से पीटा। जब राजीव रंजन मंडल ने ज्यादा शोर मचाया तो उसे चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एक घंटे तक दहशत का माहौल बना रहा।'

राजीव को घायल कर अपराधियों ने धमकाया कि अगर कोई भी आगे विरोध करोगे घर के सभी बच्चों की हत्या कर देंगे। इस डर से परिवार के सभी सदस्य चुप बैठ गए और वह सामान लूट कर फरार हो गए। जब अपराधी सभी सामान लूट कर चले गए तो पीड़ित परिजनों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। चिल्लाने के बाद आसपास के लोग दौड़कर देखने के लिए गए। घायल अवस्था में राजीव रंजन मंडल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पीड़ितों ने फिलहाल इस डकैती में तकरीबन 50 लाख से अधिक की संपत्ति लूटे जाने की बात कही। रतनपुर ओपी अध्यक्ष सुधा कुमारी ने बताया, 'आज सुबह करीब 7 बजे 6 अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी के घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।'


सुजीत गुप्ता

सुजीत गुप्ता

    Next Story