राष्ट्रीय

डिप्टी सीएम केशव मौर्य के इलाके में बवाल, 400 सपा कार्यकर्ताओं पर FIR

सुजीत गुप्ता
11 March 2022 2:29 PM GMT
डिप्टी सीएम केशव मौर्य के इलाके में बवाल, 400 सपा कार्यकर्ताओं पर FIR
x

यूपी चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली है. पार्टी को दो तिहाई बुहमत हासिल हो गया है. लेकिन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को अपनी सीट में हार मिली है. यहां से पल्लवी पटेल 6832 वोट से जीत गई हैं

कौशाम्बी के सिराथू विधानसभा की गिनती के दौरान गणना रोकने पर हुए बवाल में सपाइयों पर शिकंजा कसा गया है। नवीन मंडी ओसा में गुरुवार की शाम को हुए बवाल में सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया है।

400 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ इंस्पेक्टर ने एफआईआर दर्ज कराई है। सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस पर हमला, तोड़फोड़, सरकारी काम में बाधा और मंडी गेट तोड़ने का आरोप है। सिराथू से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मैदान में थे। उनके साथ सपा ने अपना दल कमेरावादी की नेता पल्लवी पटेल को उतारा था। यहां से पल्लवी पटेल को देर रात विजयी घोषित किया गया है।

इससे पहले शाम करीब सवा पांच बजे मतगणना एक ईवीएम की गिनती गड़बड़ी की आशंका पर रुक गई थी। उपमुख्यमंत्री के बेटे योगेश मौर्य का कहना था कि जितने वोट उस ईवीएम में बताए गए, उससे ज्यादा डिस्पले में दिख रहे थे। इसके बाद अंदर हंगामा हुआ।

जानकारी होने पर सपा प्रत्याशी पल्लवी पटेल वहां पहुंचीं थीं। मतगणना रुकने पर तमाम तरह की अफवाह बाहर फैल गई थी। सपा कार्यकर्ता उग्र हो गए थे। भाजपा कार्यकर्ता बाहर निकले तो उनसे झड़प हो गई। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो सपा कार्यकर्ताओं ने ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया था।

पुलिस के वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए मंडी का गेट तोड़ने का प्रयास किया। पथराव में मंझनपुर का सिपाही कृपेंद्र कुमार घायल हो गया। कई अन्य पुलिसकर्मियों को चोटें आईं थीं। पैरामिलिट्री फोर्स ने लाठी भांजी तो कार्यकर्ता भाग निकले थे। इस मामले में देर रात सदर कोतवाली में इंस्पेक्टर विनोद कुमार सिंह ने 400 अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज करा दिया।

Next Story