Top Stories

साधु यादव बोले- अब समझ आया दिल्ली क्यों भागते थे तेजस्वी

सुजीत गुप्ता
11 Dec 2021 4:58 AM GMT
साधु यादव बोले- अब समझ आया दिल्ली क्यों भागते थे तेजस्वी
x

राजद प्रमुख लालू प्रसाद के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गुरुवार को परिणय सूत्र में बंध गये। दिल्ली के साकेत स्थित सैनिक फार्म में उनकी शादी हरियाणा की रेचल गोडिन्हो के साथ हो गई। तेजस्वी यादव और रेचल गोडिन्हो दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। दोनों की पुरानी दोस्ती गुरुवार को रिश्तेदारी में बदल गई।

हालांकि राष्ट्रीय जनता दल(राजद) नेता तेजस्वी यादव और रिचेल गॉडिन्हो की शादी से उनके मामा साधु यादव नाराज हो गए हैं। साधु यादव का कहना है कि तेजस्वी ने गैर समुदाय की लड़की से शादी करके यादवों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी ने पूरे यादव समाज का अपमान किया है। उनकी सभी बहनों ने यादवों में ही शादी की, लेकिन तेजस्वी ने एक ईसाई महिला से शादी की है। यादव समाज इसे कभी स्वीकार नहीं करेगा।

साधु यादव इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव दोतरफा बोलने वाले व्यक्ति हैं। उन्हें चुनाव जीतने के लिए यादवों का वोट चाहिए, लेकिन वह यादव समाज की लड़की से शादी नहीं कर सकते हैं। उन्हें अब चंडीगढ़ और केरल जाकर वोट मांगने चाहिए क्योंकि बिहार में उनके लिए कुछ नहीं बचा है।

साधु यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव जाति बंधन तोड़कर दूसरे धर्म की लड़की से शादी करते हैं तो वह बिहार में जाति आधारित जनगणना की मांग किस आधार पर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की शादी से उन्हें बहुत दर्द हुआ है और वह उन्हें शादी की बधाई भी नहीं देंगे।

तेजस्वी की शादी पर आरोप लगाते हुए साधु यादव ने कहा कि जब कभी भी बिहार पर कोई समस्या आती तो तेजस्वी दिल्ली भागते थे। लालू परिवार ने अपने बेटे की शादी को क्यों छुपाया? कुछ तो ऐसा है जो गड़बड़ था, क्योंकि दुल्हन का नाम भी नहीं बताया गया था।


Next Story